world-news

24 घंटे से ज्यादा लेट हो गईं SpiceJet की दो फ्लाइट, दिल्ली एयरपोर्ट पर यात्रियों ने किया हंगामा

September 15, 2026

Sep 15, 2026 01:19 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान

Follow us on Google News

share

दिल्ली एयरपोर्ट से दुबई को जाने वाली स्पाइसजेट की दो फ्लाइट 24 घंटे से ज्यादा लेट हो गईं। ऐसे में यात्री एयरपोर्ट पर ही प्रदर्शन करने लगे। यात्रियों का कहना है कि उन्हें इतनी देरी की स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।

Spicejet

स्पाइसजेट की फ्लाइट 24 घंटे से ज्यादा लेट, एयरपोर्ट पर बवाल

दिल्ली से दुबाई जने वाली स्पाइसजेट की दो उड़ानों में 24 घंटे से ज्यादा की देरी होने के बाद यात्रियों का धैर्य जवाब दे गया और एयरपोर्ट पर ही प्रदर्शन शुरू हो गया। यात्रियों का कहना है कि एयरलाइन्स ने उन्हें उड़ान में देरी होने की भी स्पष्ट सूचना नहीं दी और वे इंतजार ही करते रह गए। यात्रियों ने कहा कि हर बार समय बढ़ाने का अनाउंसमेंट कर दिया जाता था। यह बताया ही नहीं गया कि उड़ान कितने बजे रवाना होगी।

रिपोर्ट के मुताबिक दुबाई जाने वाली एसजी 5111 उड़ान को सोमवार की सुबह ही रवाना होना था। इसके बाद धीरे-धीरे करके इसे मंगलवार सुबह के लिए बढ़ा दिया गया। वहीं एक और फ्लाइट एसजी 5105 को सोमवार की सुबह रवाना होना था जिसका समय बढ़ाकर मंगलवार की दोपहर में कर दिया गया। ऐसे में यात्री बेहद परेशान हो गए।

एयरपोर्ट पर धरना देने लगे यात्री

इस तरह से एयरलाइन्स की तरफ से बार-बार समय बढ़ाने जाने को लेकर यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा और टर्मिनल के अंदर ही यात्री फर्श पर धरने पर बैठ गए। बहुत सारे यात्री एयरलाइन्स के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। लोग 'स्पाइसजेट चोर' के नारे लगाने लगे। यात्रियों का कहना था कि एयरलाइन्स वाले धीरे-धीरे समय बढ़ा रहे थे ताकियात्रियों को होटल की सुविधा ना देनी पड़े। एक यात्री ने कहा कि एयरपोर्ट पर भी मदद के लिए एयरलाइन्स का ग्राउंड स्टाफ नहीं था।

स्पाइसजेट ने क्या कहा

जानकारी के मुताबिक एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों को भोजन और रिफ्रेशमेंट उपलब्ध करवाया था। एक यात्री ने कहा कि एयरपोर्ट पर बैठे-बैठे उनका स्वास्थ्य बिगड़ गया और उनका दम घुटने लगा। वहीं स्पाइसजेट ने बयान जारी करके उड़ानों के देर होने की माफी मांगी है। एयरलाइ ने कहा कि यात्रियों के लिए वैकल्पिक उड़ानों की व्यवस्था की जा रही है।

रिपोर्ट के मुताबिक टर्मिनल- 3 पर लगभग 200 यात्री धरने पर बैठ गए। आपको बता दें कि इन दिनों स्पाइसजेट अनियमितताओं से जूझ रही है। पिछले ही सप्ताह सिविल एविएशन मिनिस्टर के राममोहन नायडू ने बताया था की डीजीसीए स्पाइसजेट पर करीब से नजर बनाए हुए है।

स्पाइसजेट के परिचालन में मौजूद विमानों की संख्या के साथ-साथ घरेलू बाजार हिस्सेदारी में भी कमी आई है और कंपनी को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, जुलाई में एयरलाइन की घरेलू बाजार में हिस्सेदारी घटकर 1.6 प्रतिशत रह गई, जो जून में 1.9 प्रतिशत थी।