world-news

उज्जैन में आज से युवा धर्म संसद: 24 राज्यों के 1600 से ज्यादा युवा जुटे, 18 सितंबर को मोहन भागवत करेंगे उद्घाटन - Haribhoomi

September 17, 2026

उज्जैन में 17 से 19 सितंबर तक राष्ट्रीय युवा धर्म संसद 2026 का आयोजन हो रहा है। इसमें 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से 1600 से ज्यादा युवा शामिल हो रहे हैं। 18 सितंबर को RSS सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत इसका औपचारिक उद्घाटन करेंगे, जबकि 19 सितंबर को CM डॉ. मोहन यादव समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे।

Ujjain News

24 राज्यों के 1600 से ज्यादा युवा जुटे

  • Published: 17 Sep 2026, 11:40 AM IST
  • Last Updated: 17 Sep 2026, 11:40 AM IST

उज्जैन: धार्मिक और सांस्कृतिक नगरी उज्जैन में आज, 17 सितंबर से तीन दिवसीय राष्ट्रीय युवा धर्म संसद-2026 ‘अवन्तिका’ की शुरुआत हो रही है। देवास रोड स्थित गीता भवन, माधव विज्ञान महाविद्यालय परिसर में होने वाले इस आयोजन में 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से 1600 से अधिक युवा, विद्यार्थी, शिक्षक और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं।

इस आयोजन का औपचारिक उद्घाटन 18 सितंबर को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत करेंगे। वहीं 19 सितंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव समापन सत्र में शामिल होंगे। कार्यक्रम का आयोजन सेवाज्ञ संस्थानम् की ओर से किया जा रहा है।

धर्म, संस्कृति और आधुनिक विषयों पर संवाद
तीन दिनों तक युवा धर्म, भारतीय संस्कृति, ज्ञान परंपरा, चरित्र निर्माण और सामाजिक एवं राष्ट्रीय जिम्मेदारी जैसे विषयों पर चर्चा करेंगे। कार्यक्रम में कुल आठ सत्र रखे गए हैं। इनमें एआई और तकनीक, शिक्षा और रोजगार, व्यक्तिगत स्वतंत्रता, सामाजिक जिम्मेदारी, पर्यावरण, धर्म और मानवीय मूल्य जैसे समकालीन विषयों पर भी विचार-विमर्श प्रस्तावित है।

पहले दिन युवा पंचायत, पुस्तक मेले और कला प्रदर्शनी का आयोजन होगा। युवा पंचायत में प्रतिभागी सीधे विशेषज्ञों के सामने अपने सवाल रख सकेंगे।

भारत-भाव’ थीम पर कला प्रदर्शनी
आयोजन में देश के 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से आए कलाकार ‘भारत-भाव’ थीम पर चित्र तैयार कर रहे हैं। प्रदर्शनी में भारतीय संस्कृति, संत परंपरा और ऐतिहासिक-सांस्कृतिक विषयों को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया जा रहा है। कार्यक्रम से जुड़े कलाकारों में बनारस, दिल्ली, जयपुर, प्रयागराज, सागर और अशोकनगर सहित कई क्षेत्रों के कलाकार शामिल हैं।

पहले भी हो चुके हैं पांच आयोजन
आयोजकों के अनुसार युवा धर्म संसद की श्रृंखला 2018-19 में शुरू हुई थी। इसके आयोजन काशी, अयोध्या, मथुरा, हरिद्वार और कांचीपुरम में हो चुके हैं। उज्जैन इस श्रृंखला का छठा पड़ाव है। अगले संस्करण के लिए द्वारका का प्रस्ताव है और इसके लिए जुलाई 2027 से पंजीकरण शुरू होने की जानकारी दी गई है। कार्यक्रम में स्वामी अवधेशानंद गिरि, आचार्य मिथिलेशनन्दिनीशरण, मनोज मुंतशिर, प्रो. श्रीनिवास वरखेड़ी, प्रो. हिमांशु राय समेत कई संत, शिक्षाविद, लेखक और विशेषज्ञ अलग-अलग सत्रों में युवाओं से संवाद करेंगे।