world-news

ओमान के मुसंदम के पास तेल टैंकर पर हमले की पुष्टि, 23 चालक दल का रेस्क्यू, दो लापता

September 15, 2026

ओमान के मुसंदम के पास तेल टैंकर पर हमले की पुष्टि, 23 चालक दल का रेस्क्यू, दो लापता

मस्कट, 15 सितंबर (आईएएनएस)। ओमान ने मंगलवार को पनामा-ध्वज वाले तेल टैंकर एमटी अल गैया पर हमले की पुष्टि की। ओमान के समुद्री सुरक्षा केंद्र ने बताया कि एमटी अल गैया के इंजन रूम में आग लगने के बाद उसे देश के एक बंदरगाह तक लाया जा रहा है।

न्यूज एजेंसी सिन्हुआ की ओर से साझा जानकारी के अनुसार, ओमान के समुद्री सुरक्षा केंद्र ने एक बयान में कहा कि टैंकर पर उस समय हमला किया गया, जब वह मुसंदम गवर्नरेट से लगभग 103 समुद्री मील उत्तर-पूर्व में था।

समुद्री सुरक्षा केंद्र ने बताया कि ओमान की रॉयल नेवी के एक जहाज ने 23 चालक दल के सदस्यों को निकाला, जिन्हें जरूरी चिकित्सा सहायता दी गई। दो अन्य लापता लोगों की तलाश जारी है। बयान के अनुसार, केंद्र संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय में टोइंग ऑपरेशन की निगरानी कर रहा था।

वहीं, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मंगलवार को नई दिल्ली में द्वि-साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग के दौरान कहा, "यह हमला ओमान के तट के पास हुआ। यह पनामा फ्लैगशिप था जिस पर हमारे 14 भारतीय नागरिक या नाविक थे, जिनमें से 13 को बचा लिया गया है, और हम अपने नागरिकों को बचाने के लिए ओमानी अधिकारियों का तहे दिल से धन्यवाद करते हैं। एक भारतीय नागरिक लापता है, जो जहाज पर हमले के दौरान सवार था। ओमानी अधिकारियों की मदद से सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।"

उन्होंने कहा कि ओमान में भारतीय दूतावास स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा है और अभियान में ओमानी अधिकारियों के साथ सक्रिय रूप से समन्वय कर रहा है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, "क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों, नाविकों, नागरिकों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना हमारे लिए अस्वीकार्य है। हम यह भी आग्रह करते हैं कि क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय जलमार्गों के माध्यम से मुक्त और सुरक्षित नेविगेशन और वाणिज्य के प्रवाह को जल्द से जल्द बहाल किया जाए।"

इससे पहले विदेश मंत्रालय ने ओमान के तट के पास वाणिज्यिक जहाज एमटी अल गैया पर हुए हमले की निंदा करते हुए कहा था, "हम तनाव को तत्काल कम करने और क्षेत्र में शांति लाने के लिए बातचीत और कूटनीति को आगे बढ़ाने के अपने आह्वान को दोहराते हैं। क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों, नाविकों, नागरिकों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना अस्वीकार्य है।"

--आईएएनएस

केके/एबीएम

Share this story