world-news

सीआरपीएफ जवान महेश ग्वाला 22 साल सेवा के बाद सेवानिवृत्त: मंदसौर में 793वें सैनिक सम्मान अभियान के तहत नागरिक अभिनंदन - Mandsaur News

August 2, 2026

मंदसौर में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) से 22 वर्ष की सेवा पूरी कर सेवानिवृत्त हुए महेश कुमार ग्वाला का रविवार को नागरिक अभिनंदन किया गया।

.

सैनिक सम्मान अभियान के तहत आयोजित यह 793वां सम्मान समारोह रहा, जिसमें बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और नागरिक शामिल हुए।

वक्ताओं ने सैनिकों के सम्मान को राष्ट्र सम्मान से जोड़ते हुए युवाओं से सेना और अर्धसैनिक बलों में शामिल होकर देशसेवा का आह्वान किया।

भारत माता चौराहे से निकली अभिनंदन यात्रा कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता चौराहे पर प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद अभिनंदन यात्रा महात्मा गांधी, सरदार वल्लभभाई पटेल, हेमू कालाणी और महाराणा प्रताप की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए खानपुरा स्थित महेश ग्वाला के निवास पहुंची। पूरे मार्ग में 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम्' के जयघोष गूंजते रहे।

‘यह केवल सम्मान नहीं, राष्ट्रभक्ति का अभियान’ सैनिक सम्मान अभियान के संयोजक विनय दुबेला ने कहा कि यह अभियान केवल सैनिकों का सम्मान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि राष्ट्रभक्ति और अनुशासन की भावना को समाज में मजबूत करने का जनआंदोलन है। उन्होंने युवाओं से सेना और अर्धसैनिक बलों में भर्ती होकर देशसेवा का संकल्प लेने का आह्वान किया।

जनप्रतिनिधियों ने सैनिकों के योगदान को सराहा विधायक विपिन जैन ने कहा कि देश की सुरक्षा सैनिकों के त्याग और समर्पण के कारण ही संभव है। भाजपा नेता अनिल कियावत ने सैनिकों का सम्मान राष्ट्र के स्वाभिमान का सम्मान बताया।

अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के जिला अध्यक्ष मुकेश गुर्जर ने कहा कि समाज की ओर से मिलने वाला सम्मान सैनिकों का मनोबल बढ़ाता है और युवाओं को सेना में जाने के लिए प्रेरित करता है।

सामाजिक संगठनों की रही भागीदारी कार्यक्रम में सकल वाल्मीकि समाज के अध्यक्ष राजाराम तंवर, ग्वाला समाज के अध्यक्ष गोविंद सुरा, सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. रविन्द्र पाण्डेय और अजीज उल्ला खान सहित कई वक्ताओं ने सैनिक सम्मान अभियान को राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता को मजबूत करने वाला प्रयास बताया।

इस अवसर पर अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, सैनिक सम्मान अभियान समिति, जय भारत मंच, जिला धार्मिक उत्सव समिति, पंछी बचाओ अभियान समिति, मनन वेलफेयर सोसायटी, शिव शक्ति संगठन, रक्तवीर रेड आर्मी समिति, दशपुर हेल्पलाइन संस्था, सहकार भारती और पतंजलि योग समिति सहित विभिन्न संगठनों ने सहभागिता निभाई।

राष्ट्रभक्ति के संकल्प के साथ हुआ समापन कार्यक्रम का समापन भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष के साथ हुआ। उपस्थित लोगों ने सैनिकों के सम्मान की परंपरा को आगे बढ़ाने और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करने का संकल्प भी लिया।