world-news

2036 Olympics के लिए देश भर में होगा टैलेंट हंट, स्वतंत्रता दिवस के मौके पर PM मोदी ने किया बड़ा ऐलान

August 15, 2026

2036 Olympics के लिए देश भर में होगा टैलेंट हंट, स्वतंत्रता दिवस के मौके पर PM मोदी ने किया बड़ा ऐलान

PM मोदी का ऐलान (Photo: PTI)

आजादी के 80वें साल के जश्न के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले के प्राचीर से कई बड़े ऐलान किए. उन्हीं में से एक बड़ा ऐलान 2036 ओलंपिक्स से भी जुड़ा रहा. PM मोदी ने घोषणा की कि 2036 ओलंपिक्स के लिए देश भर में टैलेंट हंट होंगे और गांव-गांव जाकर सरकार खेल प्रतिभाओं की तलाश करेगी. प्रधानमंत्री मोदी ने 13वीं बार लाल किले के प्राचीर से देश को संबोधित किया.

खेल की दुनिया में भारत जमा रहा पैंठ- PM मोदी

PM मोदी ने कहा कि भारत अब खेल की दुनिया में अपनी पैंठ जमा रहा है. दुनिया के हर खेल आयोजनों में भारत का राष्ट्रगान पोडियम पर सुनाई देता दिखता है. उन्होंने कहा कि TOPS योजना से इसमें काफी मदद मिली है. खेलो इंडिया गेम्स जैसे इवेंट में भी युवाओं के लिए काफी जगह बनी है. ऐसे में भारत 2036 ओलंपिक्स के लिए मजबूत दावेदार के तौर पर उभर रहा है.

ओलंपिक्स के लिए देश भर में टैलेंट हंट- PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी करने वाला है. उन्होंने ओलंपिक की बात करते हुए कहा कि उसके दो तिहाई खेलों में हमारी मौजूदगी ही नहीं होती क्योंकि हम उसके लिए क्वालिफाई ही नहीं कर पाते. लेकिन, अब जिन इवेंट्स में भारत क्वालिफाई नहीं कर पाता, हम उसके लिए आगे बढ़ेंगे.

खिलाड़ियों को खोजेंगे भी, उन्हें ट्रेनिंग भी देंगे

PM मोदी ने कहा कि 5 से 15 साल की उम्र के बच्चों में प्रतिभा ढूंढने के लिए गांव-गांव स्कूल-स्कूल एक टैलेंट हंट चलाया जाएगा. उन्होंने कहा कि उन्हें खोजने के बाद उन्हें ट्रेनिंग देने के लिए भी कार्यक्रम चलाए जाएंगे.

2030 में भारत में होंगे कॉमनवेल्थ गेम्स

भारत 2030 में कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी करने वाला है. 2030 में कॉमनवेल्थ गेम्स भारत के अहमदाबाद में होगा. दिल्ली के बाद CWG की मेजबानी करने वाला अहमदाबाद भारत का दूसरा शहर होगा. 2030 में कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी से भारत को खुद को 2036 ओलंपिक्स के लिए तैयार करने का भी मौका मिलेगा.

साकेत शर्मा

साकेत शर्मा

'कौन बनेगा करोड़पति' गेम शो से शुरू हुआ सफर न्यूज नेशन, इंडिया न्यूज, इंडिया डॉट कॉम और Editorji जैसे पड़ावों से गुजरा. इसी कड़ी में पिछले 5 सालों से मैं TV9 हिंदी के साथ जुड़ा हूं. यहां भी खेल की खबरों को बताना मेरा काम है. TV, डिजिटल और प्रोडक्शन हाउस, तीनों ही दुनिया की समझ और कुल मिलाकर एक दशक से भी ज्यादा का मेरे पास अनुभव है. हर रोज कुछ नया सीखने और नई क्रिएटिव चीज करने की कोशिश करता हूं. असफलता से घबराता नहीं और सफलता पर इतराता नहीं. बस कोशिश यही करता हूं कि हमेशा अपना बेस्ट दे सकूं. आज तक यही करता आया हूं और आगे भी इरादा ऐसा ही है. फिर चाहे काम डेस्क पर बैठकर खेल की खबरों को अपने शब्दों में पिरोने का हो या फिर फील्ड में उतरकर उसे कैमरे पर उतारने का. सीधी भाषा में कहें तो मैं खेल के मैदान पर होने वाली हर हलचल को आपतक पहुंचाने वाला एक खिलाड़ी हूं.

Read More

google button