sports

'बुमराह-हार्दिक के भरोसे नहीं जीत सकते वर्ल्ड कप 2027'... टीम इंडिया को हनुमा विहारी की चेतावनी

October 4, 2026

‘बुमराह-हार्दिक के भरोसे नहीं जीत सकते वर्ल्ड कप 2027’… टीम इंडिया को हनुमा विहारी की चेतावनी

टीम इंडिया को हनुमा विहारी की चेतावनी. (फोटो- PTI)

Hanuma Vihari On Team India Bowling: वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे वनडे मुकाबले में 351 रनों का विशाल स्कोर खड़ा करने के बावजूद 5 विकेट से मिली करारी हार के बाद भारतीय गेंदबाजी पर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं. इस हार पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए भारत के पूर्व टेस्ट बल्लेबाज हनुमा विहारी ने सेलेक्टर्स और टीम मैनेजमेंट से अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार और मोहम्मद शमी को तुरंत वनडे टीम में वापस लाने की जोरदार वकालत की है. विहारी का मानना है कि 2027 के वनडे वर्ल्ड कप में एक साल से भी कम का समय बचा है, और टीम इंडिया सिर्फ जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या के भरोसे नहीं रह सकती.

टीम इंडिया को हनुमा विहारी की चेतावनी

अपने यूट्यूब चैनल पर खुलकर बोलते हुए हनुमा विहारी ने तीसरे वनडे में भारतीय गेंदबाजों के महंगे स्पेल पर निराशा जताई. उन्होंने कहा कि जब वेस्टइंडीज जैसी टीम, जो मेन वर्ल्ड कप का हिस्सा भी नहीं है, भारतीय गेंदबाजी की धज्जियां उड़ा सकती है, तो ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका जैसी टॉप टीमों के सामने क्या हाल होगा. विहारी ने कहा, ‘हम 350 रन का बचाव नहीं कर सके, क्या यह हमारे लिए खतरे की घंटी नहीं है? मुझे लगता है कि टीम आगे जाने के बजाए पीछे जा रही है. यह बहुत बड़ा झटका है और हमारे गेंदबाजी की गंभीरता से समीक्षा होनी चाहिए.’ उन्होंने तीसरे वनडे में अंशुल कंबोज, गुरनूर बराड़ और नीतीश कुमार रेड्डी के महंगे ओवरों पर सवाल उठाते हुए कहा कि सपाट पिचों पर अनुभवहीन युवा गेंदबाज दबाव नहीं झेल पा रहे हैं.

भुवनेश्वर और शमी की वापसी क्यों जरूरी?

विहारी ने जोर देकर कहा कि नई गेंद और पावरप्ले में विकेट निकालने के लिए अनुभव का कोई विकल्प नहीं है. साल 2023 में बुमराह, शमी और सिराज की तिकड़ी ने पावरप्ले में विकेट निकालने की समस्या सुलझा दी थी, लेकिन बुमराह के वर्कलोड और सिराज की फॉर्म में कंसिस्टेंसी न होने के चलते यह समस्या दोबारा खड़ी हो गई है. विहारी ने कहा, ‘आपको सिर्फ बुमराह और हार्दिक पर निर्भर नहीं रहना चाहिए. अगर किसी को चोट लग जाए तो आपके पास ठोस बैकअप होना चाहिए. मेरा मानना है कि हमें अनुभव के साथ जाना चाहिए और भुवनेश्वर-शमी को वापस लाना चाहिए. जब आपको ब्रेकथ्रू की जरूरत होती है, तो अनुभवी गेंदबाज ही काम आते हैं.’

भुवनेश्वर की मौजूदा फॉर्म शानदार

भुवनेश्वर कुमार ने भारत के लिए अपना आखिरी वनडे मुकाबला साल 2022 में खेला था, जिसके बाद चोटों के कारण वो टीम से बाहर हो गए थे. हालांकि, आईपीएल में उन्होंने शानदार वापसी की है. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए खेलते हुए भुवनेश्वर ने 2025 और 2026 के आईपीएल सीजन में 30 मैचों में 45 विकेट चटकाए हैं. विहारी का मानना है कि भुवी नई गेंद से जो कंट्रोल, स्विंग हैं, वह इस समय भारतीय तेज गेंदबाजी से गायब है.

मोहिद खान

मोहिद खान

मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.

Read More

google button