मिथिला के खेल प्रेमियों और युवा खिलाड़ियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। लहेरियासराय स्थित नेहरू स्टेडियम को ध्वस्त कर उसी स्थान पर राष्ट्रीय स्तर का अत्याधुनिक स्टेडियम और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाने की तैयारी है। इसके लिए राज्य सरकार की ओर से हर
.
बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह दरभंगा नगर विधायक संजय सरावगी ने बताया कि प्रस्तावित स्टेडियम के निर्माण पर 200 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि स्टेडियम को राष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट मुकाबलों के साथ डे-नाइट IPL जैसे बड़े मैचों की मेजबानी के अनुरूप विकसित किया जाएगा। अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस यह स्टेडियम आने वाले समय में दरभंगा को बिहार के प्रमुख स्पोर्ट्स हब के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
हाई-मास्ट लाइट से लेकर हाइब्रिड टर्फ पिच तक
प्रस्तावित स्टेडियम में बड़े क्रिकेट मुकाबलों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसमें हाई-मास्ट लाइट्स, हाइब्रिड टर्फ पिच, बड़े डिस्प्ले स्क्रीन और आधुनिक पवेलियन का निर्माण प्रस्तावित है। इन सुविधाओं के साथ यहां दिन और रात दोनों समय बड़े स्तर के क्रिकेट मुकाबले आयोजित किए जा सकेंगे।
संजय सरावगी ने कहा कि स्टेडियम को इस तरह विकसित करने की योजना है कि दरभंगा के खिलाड़ियों को बड़े स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए दूसरे शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़े। स्थानीय स्तर पर ही उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और प्रतियोगिता का माहौल उपलब्ध कराया जा सकेगा।

प्रस्तावित स्टेडियम के निर्माण पर 200 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने का अनुमान है।
क्रिकेट के अलावा कई खेलों की मिलेगी सुविधा
नया स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स केवल क्रिकेट तक सीमित नहीं रहेगा। यहां लॉन टेनिस, टेबल टेनिस, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, स्क्वैश, बॉक्सिंग, जूडो और रेसलिंग जैसे खेलों के लिए भी आधुनिक सुविधाएं विकसित करने की योजना है।
इसके अलावा स्विमिंग पूल और इनडोर मल्टीपरपज हॉल भी प्रस्तावित है। खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए नेट प्रैक्टिस पिच और वॉलीबॉल सहित अन्य खेलों की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
खिलाड़ियों के लिए हॉस्टल और स्पोर्ट्स साइंस सेंटर
प्रस्तावित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खिलाड़ियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कई अन्य सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। इसमें करीब 100 बेड का हॉस्टल, गेस्ट हाउस और डाइनिंग हॉल शामिल है।
इसके अलावा खिलाड़ियों के प्रदर्शन और फिटनेस को बेहतर बनाने के लिए स्पोर्ट्स साइंस, मेडिकल और बायो-मैकेनिक्स से जुड़ी सुविधाएं भी प्रस्तावित हैं। इससे खिलाड़ियों को प्रशिक्षण के साथ उनकी फिटनेस, चोट से बचाव और प्रदर्शन के वैज्ञानिक मूल्यांकन की सुविधा मिल सकेगी।

स्टेडियम परिसर में मल्टी-लेवल पार्किंग की व्यवस्था भी प्रस्तावित है, ताकि बड़े आयोजनों के दौरान दर्शकों और खिलाड़ियों के वाहनों के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध हो सके।
'दरभंगा बनेगा स्पोर्ट्स हब'
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह नगर विधायक संजय सरावगी ने कहा कि मुख्यमंत्री के आवास पर पिछले दिनों दरभंगा के लहेरियासराय स्थित नेहरू स्टेडियम को राष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम बनाने का निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि मिथिला और दरभंगा के विकास के लिए केंद्र और राज्य सरकार लगातार काम कर रही है। युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है।
उन्होंने कहा, “यह सिर्फ एक स्टेडियम नहीं होगा, बल्कि मिथिला के हजारों युवा खिलाड़ियों के सपनों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच देने वाला बड़ा अवसर होगा।” संजय सरावगी ने कहा कि प्रस्तावित स्टेडियम में अत्याधुनिक सुविधाएं होंगी और यहां डे-नाइट मैच से लेकर IPL स्तर के मुकाबलों के आयोजन की क्षमता विकसित की जाएगी। उन्होंने बताया कि परियोजना की अनुमानित लागत 200 करोड़ रुपये से अधिक है और मुख्यमंत्री ने स्वयं प्रस्तावित परियोजना का प्रेजेंटेशन देखा है।

संजय सरावगी का स्वागत करते कार्यकर्ता और समर्थक।
खिलाड़ियों को मिलेगा बेहतर प्लेटफॉर्म
नया स्टेडियम बनने से दरभंगा और आसपास के जिलों के खिलाड़ियों को बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है। वर्तमान में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं और बेहतर प्रशिक्षण सुविधाओं के लिए खिलाड़ियों को पटना, दिल्ली, कोलकाता या अन्य बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है। अत्याधुनिक स्टेडियम और प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध होने से स्थानीय प्रतिभाओं को अपने ही शहर में बेहतर प्लेटफॉर्म मिल सकेगा।
संजय सरावगी ने कहा कि आने वाले समय में दरभंगा को स्पोर्ट्स हब के रूप में विकसित करने की दिशा में यह बड़ा कदम होगा। उन्होंने कहा कि परियोजना पर जल्द काम शुरू होने की उम्मीद है और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मिथिला के विकास को लेकर लगातार गंभीरता से पहल कर रहे हैं।