world-news

तेलंगाना सरकार ने रेवंत रेड्डी के भाई से जुड़ी कंपनी को 200 करोड़ की जमीन 7 करोड़ में दी: बीआरएस

August 11, 2026

Aug 11, 2026 05:46 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान

Follow us on Google News

share

केटीआर ने आरोप लगाया कि सरकार पहले CM के भाई का इस कंपनी से कोई संबंध होने से इनकार कर चुकी है। हालांकि, उनके मुताबिक कोंडल रेड्डी ने अपने लिंक्डइन प्रोफाइल पर खुद को टेसरैक्ट एडवांस्ड सिस्टम्स का चेयरमैन बताया है।

KT Rama Rao alleges Telangana government gift land company Revanth Reddy brother

तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी।

तेलंगाना में जमीन आवंटन को लेकर सियासी विवाद खड़ा हो गया है। भारत राष्ट्र समिति (BRS) के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामाराव (KTR) ने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। केटीआर का दावा है कि सरकार ने मुख्यमंत्री के भाई कोंडल रेड्डी से जुड़ी कंपनी टेसरैक्ट एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड को करीब 200 करोड़ रुपये की जमीन सिर्फ 7 करोड़ रुपये में दे दी। KTR ने कहा कि कंपनी की चुकता पूंजी महज 1 लाख रुपये है और उसकी वार्षिक रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी में एक भी कर्मचारी नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि इतनी कम पूंजी और बिना कर्मचारियों वाली कंपनी को करोड़ों रुपये की जमीन किस आधार पर दी गई। उन्होंने इस पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने की मांग की है।

केटीआर ने आरोप लगाया कि सरकार पहले मुख्यमंत्री के भाई कोंडल रेड्डी का इस कंपनी से कोई संबंध होने से इनकार कर चुकी है। हालांकि, उनके मुताबिक कोंडल रेड्डी ने अपने लिंक्डइन प्रोफाइल पर खुद को टेसरैक्ट एडवांस्ड सिस्टम्स का चेयरमैन बताया है और अमेरिका के महावाणिज्य दूत के साथ कंपनी से जुड़े कार्यक्रमों में भी हिस्सा लिया है। KTR ने कहा कि एक तरफ सरकार कहती है कि मुख्यमंत्री के भाई का कंपनी से कोई लेना-देना नहीं है और दूसरी तरफ उनके प्रोफाइल में उन्हें कंपनी का चेयरमैन बताया गया है।

आरोपों पर रेवंत रेड्डी ने मांगा जवाब

BRS के कार्यकारी अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से इस मामले में स्पष्ट जवाब देने को कहा। KTR ने यह भी सवाल किया कि अगर कोई दूसरा स्टार्टअप 1 लाख रुपये की पूंजी के साथ कंपनी बनाए तो क्या उसे भी 200-300 करोड़ रुपये की जमीन महज 7 करोड़ रुपये में दी जाएगी। बीआरएस नेता ने आरोप लगाया कि तेलंगाना में मुख्यमंत्री के परिवार के कई सदस्यों को हजारों करोड़ रुपये के सरकारी ठेके मिले हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी इस मामले को राज्यपाल, लोकायुक्त और अन्य संबंधित संस्थाओं के सामने उठाएगी और जरूरत पड़ने पर अदालत का रुख भी करेगी।

केटीआर ने इस कथित जमीन सौदे को कर्नाटक के चर्चित MUDA मामले से भी बड़ा बताया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी इस मुद्दे को दबने नहीं देगी और कांग्रेस सरकार के साथ राहुल गांधी से भी जवाब मांगा जाएगा। हालांकि, ये सभी आरोप KTR और BRS की ओर से लगाए गए हैं। अब तक सरकार या संबंधित कंपनी की ओर से इन आरोपों पर प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।