Etawah News: उतर प्रदेश इटावा में शादी के महज 20 दिन बाद एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं. पत्नी पर शक को लेकर हुए विवाद के बाद सोमवार सुबह नवविवाहित युवक ने खेत में फांसी लगाकर जान दे दी. पति की मौत की खबर मिलते ही पत्नी खुशबू ने भी पहले नींद की गोलियां खाईं और फिर फांसी लगाकर आत्महत्या का नाटक रचा. इस दर्दनाक घटना से परिवार में कोहराम मच गया, वहीं सदमे में दुल्हन की दादी की भी तबीयत बिगड़ गई.
फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के जुगरामऊ गांव निवासी 25 वर्षीय अंकित कुशवाह ने सोमवार सुबह अपने घर से करीब 200 मीटर दूर खेत में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.
विवाद के बाद उठाया खौफनाक कदम
जांच में सामने आया कि अंकित की शादी करीब बीते 7 जुलाई को बकेवर थाना निवासी खुशबू से हुई थी. रविवार को दोनों बाजार कपड़े खरीदने गए थे. इसी दौरान एक युवक खुशबू का पर्स लेकर भाग गया. खुशबू का कहना है कि उसके पति ने इस घटना को गलत समझ लिया और उसे लगा कि वह किसी दूसरे युवक के साथ जा रही है. इसी बात को लेकर दोनों के बीच सड़क पर विवाद हुआ और मारपीट भी हुई.
खुशबू के मुताबिक, सोमवार सुबह भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई. इसके बाद अंकित घर से निकल गया और खेत में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. पति की मौत की जानकारी मिलते ही खुशबू सदमे में आ गई. उसने पहले नींद की गोलियां खाईं और फिर साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया.
पत्नी का अस्पताल में चल रहा इलाज
परिजनों ने गंभीर हालत में खुशबू को जिला अस्पताल पहुंचाया. उपचार के दौरान होश आने पर उसने इलाज कराने से इनकार करते हुए हंगामा किया. चिकित्सकों ने समझाकर उसका उपचार शुरू कराया. इस घटना से आहत होकर खुशबू की दादी की भी तबीयत बिगड़ गई. सीओ सिटी ने बताया कि रविवार को पति-पत्नी के बीच मारपीट की सूचना मिली थी. सोमवार सुबह युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की जानकारी मिली. इसके बाद उसकी पत्नी ने भी आत्महत्या का प्रयास किया.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है. जिला अस्पताल के डॉक्टर ओमकांत ने बताया कि एक नवविवाहिता को परिजन अस्पताल लेकर आए थे. परिजनों के अनुसार उसने नींद की गोलियां खाने और फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया था. फिलहाल उसकी हालत पर नजर रखते हुए उपचार जारी है.

उवैस चौधरी
उवैस चौधरी को पत्रकारिता के क्षेत्र में करीब 13 से अधिक वर्षों का अनुभव है. नेशनल न्यूज चैनल GNN में बतौर स्ट्रिंगर जिला संवाददाता के रूप में उन्होंने करियर की शुरुआत की. उसके बाद APN News, Hindi Khabar, One India.com , Bhaskar.com , Navbharat.com , Republic Bharat Channel, India Daily Live जैसे संस्थानों में रहे. उनकी वीडियो कंटेंट और डिजिटल कंटेंट पर अच्छी पकड़ है. क्राइम और राजनीति की खबरों में दिलचस्पी अधिक हैं. करीब 7 वर्ष तक Bhaskar.com में काम करने के चलते डिजिटल खबरों की अच्छी जानकारी है. भास्कर में बतौर स्टाफ रिपोर्टर भी काम कर चुके हैं. घूमने का शौक रखते हैं. कानपुर यूनिवर्सिटी से स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है. वर्तमान में Tv9 डिजिटल में बतौर जिला संवाददाता के रूप कार्यरत हैं.
Read More