world-news

रैगिंग की शिकायत करना पड़ा भारी! 20 से ज्यादा छात्रों को बैट और डंडों से बेरहमी से पीटा

August 5, 2026

रैगिंग की शिकायत करना पड़ा भारी! 20 से ज्यादा छात्रों को बैट और डंडों से बेरहमी से पीटा

स्कूल हॉस्टल में छात्रों के साथ रैगिंग.

Odisha News: ओडिशा के रायगड़ा जिले के एक सरकारी स्कूल हॉस्टल में रैगिंग की शिकायत करने पर 20 से ज्यादा नौवीं कक्षा के छात्रों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. आरोप है कि 10वीं कक्षा के कुछ छात्रों ने जूनियर छात्रों को हॉस्टल के एक कमरे में बुलाकर क्रिकेट बैट, डंडों और नारियल की टहनियों से बेरहमी से पीटा. इस घटना में कई छात्र घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया.

लंबे समय से हो रही थी रैगिंग

घायल छात्रों का कहना है कि हॉस्टल में काफी समय से रैगिंग और परेशान करने की घटनाएं हो रही थीं. छात्र शुभम नायक ने आरोप लगाया कि उन्होंने कई बार शिक्षकों और स्कूल प्रशासन से इसकी शिकायत की, लेकिन उनकी बात पर कोई कार्रवाई नहीं हुई. शिकायत के बाद ही वरिष्ठ छात्रों ने बदला लेने के इरादे से यह हमला किया.

ये भी पढ़ें- करोड़ों के कर्ज ने बनाया लुटेरा, 2 सगे भाइयों ने रची 1.38 करोड़ की लूट की साजिश; 5 आरोपी गिरफ्तार

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

घटना का खुलासा तब हुआ जब मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो सामने आने के बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया और प्रशासन हरकत में आया. वीडियो में छात्रों के साथ मारपीट किए जाने के दृश्य दिखाई देने के बाद लोगों ने भी इस घटना पर नाराजगी जताई.

स्कूल प्रशासन ने क्या कहा?

स्कूल के प्रधानाध्यापक प्रताप चंद्र सौंता ने बताया कि उन्हें इस घटना की जानकारी मंगलवार सुबह मिली. जानकारी मिलते ही घायल छात्रों को अस्पताल भेजा गया और उनके परिजनों को भी सूचना दी गई. हालांकि, इस मामले में यह सवाल भी उठ रहा है कि घटना रविवार रात हुई, लेकिन स्कूल प्रशासन को इसकी जानकारी दो दिन बाद क्यों मिली?

जांच शुरू, हेडमास्टर को नोटिस

मामला सामने आने के बाद रायगड़ा जिला प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं. प्रशासन ने लापरवाही के आरोप में प्रधानाध्यापक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है. वहीं, मारपीट के आरोपी 10वीं कक्षा के छात्रों को हॉस्टल से निष्कासित कर दिया गया है.

पुलिस कर रही मामले की जांच

घटना को लेकर चांदिली पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी. वहीं, इस घटना ने स्कूलों और छात्रावासों में रैगिंग रोकने के इंतजामों पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

शिबाशिष दाश

शिबाशिष दाश

साहित्यिक लेखन में रुचि रखने वाले शिबाशिष दाश पिछले 9 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्हें इंग्लिश, उड़िया और हिंदी भाषा में महारत हासिल है. उन्हें विभिन्न प्रसिद्ध संस्थानों जैसे कि टेक महिंद्रा, द इंडियन एक्सप्रेस, कलिंगा मीडिया एंड एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड (Kalinga TV) और ज़ी टीवी (Zee Media Corporation Limited) में काम का अनुभव प्राप्त है. वर्तमान में, शिबाशिष TV9 नेटवर्क में ओडिशा के लिए स्टेट कॉरेस्पोंडेंट के रूप में सेवारत हैं. शिबाशिष दाश ने आईआईटी मद्रास से एडवांस्ड डिजिटल मार्केटिंग और एनालिटिक्स की पढ़ाई की है. साथ ही उन्होंने ओडिशा के बीजेबी कॉलेज से पत्रकारिता और जन संचार में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है. वो मनोरंजन, तकनीक, खेल, सामाजिक मुद्दे और राजनीति पर लिखते रहे हैं.

Read More

google button