
मुकेश कुमार ने बरपाया कहर. (फोटो- PTI)
Mukesh Kumar vs Jammu & Kashmir: भारतीय टेस्ट टीम से पिछले दो सालों से बाहर चल रहे बंगाल के तेज गेंदबाज मुकेश कुमार ने इरानी कप 2026 के खिताबी मुकाबले में अपनी आग उगलती गेंदों से नेशनल सेलेक्टर्स के दरवाजे पर जोरदार दस्तक दे दी है. इरानी कप के चौथे दिन मुकेश कुमार ने घातक स्पेल डालते हुए सिर्फ 10.4 ओवर में 33 रन देकर 6 विकेट झटके. पहली पारी में 2 और दूसरी पारी में 6 विकेट मिलाकर मैच में कुल 8 विकेट चटकाते हुए उन्होंने रणजी ट्रॉफी चैंपियन जम्मू-कश्मीर को दूसरी पारी में सिर्फ 111 रनों पर समेट दिया.
मुकेश कुमार ने बरपाया कहर
इस मैच में जीत के लिए मिले 279 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी जम्मू-कश्मीर की बल्लेबाजी दूसरी पारी में मुकेश कुमार के सामने पूरी तरह बिखर गई. जम्मू-कश्मीर की पूरी टीम सिर्फ 28.4 ओवर ही क्रीज पर टिक सकी. टीम के 8 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके, वहीं 5 बल्लेबाज खाता खोले बिना पवेलियन लौटे. जिसकी सबसे बड़ी वजह मुकेश कुमार की घातक गेंदबाजी रही. इस पारी के 14वें ओवर में मुकेश कुमार ने शुभम पुंडीर को आउट करके अपनी पहली सफलता हासिल की. फिर अगली ही गेंद पर जम्मू-कश्मीर के कप्तान पारस डोगरा को क्लीन बोल्ड करके गोल्डन डक पर भेजा.
इसके बाद मुकेश ने विकेटकीपर कन्हैया वाधवान को सब्स्टीट्यूट फील्डर आर्यन जुयाल के हाथों कैच कराया अपनी तीसरी सफलता हासिल की. इसके बाद मुकेश ने पारी के 29वें ओवर की पहली गेंद पर आबिद मुश्ताक, तीसरी गेंद पर उमर नजीर मीर और चौथी गेंद पर सुनील कुमार को आउट करके मैच खत्म कर दिया और रेस्ट ऑफ इंडिया की झोली में ट्रॉफी डाल दी. मुकेश के बंगाल साथी आकाश दीप ने भी गेंद से बेहतरीन प्रभाव छोड़ा. आकाश दीप ने 9 ओवर में 25 रन देकर 3 विकेट लिए.
न्यूजीलैंड सीरीज के लिए ठोका दावा
इस मुकाबले में मुकेश कुमार के दम पर रेस्ट ऑफ इंडिया ने 167 रनों की बड़ी जीत दर्ज कर इरानी कप का खिताब अपने नाम कर लिया. टीम इंडिया के लिए अपना आखिरी टेस्ट दो साल पहले खेलने वाले मुकेश ने इस प्रदर्शन के साथ आगामी न्यूजीलैंड दौरे पर दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए अपना दावा मजबूती से पेश कर दिया है.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More