
साइक्लोस्पोरियासिस का बढ़ता खतरा
अमेरिका के मिशिगन प्रांत में साइक्लोस्पोरियासिस (Cyclosporiasis) संक्रमण जानलेवा रूप ले चुका है. इस संक्रमण से यहां दो लोगों की मौत हो गई. स्वास्थ्य अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की. ये पहला मौका है जब इस संक्रमण से दो लोगों की जान चली गई. वहीं साइक्लोस्पोरियासिस के मामलों की संख्या बढ़कर 18,000 से ज्यादा हो गई है.
मिशिगन स्वास्थ्य एवं मानव सेवा विभाग (MDHHS) ने बताया कि दोनों मृतकों को पहले से ही स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं थीं. अपने बयान में विभाग ने कहा ‘मिशिगन में फैले साइक्लोस्पोरियासिस के प्रकोप के चलते दो लोगों की मौत हो गई है. चिकित्सा रिकॉर्ड के अनुसार, दोनों व्यक्तियों को पहले से ही गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं थीं. साइक्लोस्पोरियासिस संक्रमण और शरीर में पानी की कमी (डिहाइड्रेशन) से उनके स्वास्थ्य पर असर पड़ा जिससे उनकी मौत हो गई. हालांकि विभाग ने इन दोनों मामलों से जुड़ी अन्य जानकारी देने से इनकार कर दिया.
मिशिगन में 11,234 मामले दर्ज
स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि साइक्लोस्पोरियासिस मामले दुर्लभ हैं क्योंकि संक्रमण आमतौर पर जानलेवा बीमारी नहीं होती है. इसके बावजूद इस बार संक्रमण का फैलाव ज्यादा देखा जा रहा है. MDHHS के अनुसार मिशिगन में इस साल अब तक इस बीमारी के 11,234 मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें 193 लोग ऐसे हैं जिन्हें अस्पताल में इलाज की जरुरत पड़ी.
पूरे अमेरिका में 18 हजार से ज्यादा संदिग्ध मामले
अमेरिका के रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र (CDC) ने भी दोनों मौतों की पुष्टि की है. सीडीसी के मुताबिक, मौजूदा संक्रमण के दौरान पूरे देश में साइक्लोस्पोरियासिस के 18 हजार से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें 6,707 मामलों की पुष्टि हो चुकी है, जबकि करीब 11,500 मामलों की प्रयोगशाला जांच जारी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि संक्रमण अमेरिका के भीतर ही फैला या किसी अन्य स्रोत से आया।
दूषित भोजन और पानी से फैलता है संक्रमण
साइक्लोस्पोरियासिस एक सूक्ष्म परजीवी के कारण होने वाला संक्रमण है, जो मुख्य रूप से दूषित भोजन और पानी के सेवन से फैलता है. इसके लक्षण (Symptoms) में दस्त (Watery diarrhea),पेट में ऐंठन और दर्द, मतली और गैस, थकान और वजन कम होना शामिल है.
फैलाव और बचाव
यह सीधे एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में नहीं फैलता है. इसके बचाव के लिए फल और सब्जियां खाने से पहले अच्छी तरह धोएं और साथ ही हमेशा साफ और उबला हुआ पानी पिएं.
11,500 अन्य मामलों हो रही जांच
CDC के अनुसार, अमेरिका में आमतौर यह संक्रमण वसंत और गर्मियों के बीच अधिक देखने को मिलता है. सामान्यतः यह मौसम मई की शुरुआत से अगस्त के अंत तक चलता है. हालांकि, स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि इस साल मामलों की संख्या असामान्य रूप से अधिक है. CDC ने मौजूदा सीज़न के दौरान साइक्लोस्पोरियासिस के 18,000 से अधिक घरेलू मामलों की पहचान की है. इनमें से 6,707 मामलों की पुष्टि हो चुकी है, जबकि लगभग 11,500 अन्य मामलों की प्रयोगशाला में जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि संक्रमण संयुक्त राज्य अमेरिका के भीतर ही हुआ था या नहीं.
लेट्यूस से जुड़ा मिला संक्रमण
अमेरिकी खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA), CDC और विभिन्न राज्यों की स्वास्थ्य एजेंसियां मिलकर संक्रमण के कई समूहों की जांच कर रही हैं. अधिकारियों ने इस बीमारी के फैलने का एक कारण टेलर फार्म्स द्वारा आपूर्ति की गई आइसबर्ग लेट्यूस को बताया है, जिसे बाद में वापस मंगा लिया गया. स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि लोग सभी ताजी सब्जियों से परहेज न करें, लेकिन जिन उत्पादों को वापस मंगाने की घोषणा की गई है, उनका सेवन बिल्कुल न करें साथ ही FDA और CDC की ताजा सलाह पर नजर बनाए रखें.

जूही उरूषा खान
जूही उरूषा खान पिछले 12 साल से पत्रकारिता से जुड़ी हुई हैं. भोपाल के माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय से फिल्म जर्नलिज्म की पढ़ाई की. इसके बाद दिल्ली आकर BAG में एंटरटेनमेंट बीट पर इंटर्नशिप की. बाद में CNEB न्यूज चैनल में एंटरटेनमेंट बीट में बतौर ट्रेनी रिपोर्टर काम किया, साथ ही प्रोग्रामिंग को भी देखा.<p></p>CNEB के बाद VOICE OF INDIA में एंटरटेनमेंट बीट पर बतौर असिस्टेंट प्रोड्यूसर काम करना शुरू किया. यहां से फिर जनसंदेश न्यूज चैनल के साथ जुड़ीं और प्रोग्रामिंग में काम किया. इसके बाद 4 REAL NEWS चैनल में करीब चार साल न्यूज के साथ ही प्रोग्रामिंग और धार्मिक शोज पर काम किया.<p></p>यहां से राज्यसभा टीवी का रुख किया और प्रोग्रामिंग में काम किया. इसके साथ ही एंकरिंग करना भी शुरू की. इसके बाद सूर्या समाचार में प्रोग्रामिंग में एंटरटेनमेंट बीट पर बतौर प्रोड्यूसर काम किया.<p></p>जी बिहार झारखंड में भी काम करने का अनुभव है. फिलहाल टीवी9 भारतवर्ष से जुड़ी हुई हैं.
Read More