world-news

मेरठ में ट्रक ने डीग के 2-कांवड़ियों को कुचला, मौत: 15 घायल हुए; हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे थे - Bharatpur News

August 22, 2026

हरिद्वार से कांवड़ लेकर डीग के चतुर्भुज मंदिर आ रहे युवकों की ट्रैक्टर-ट्रॉली को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में 2 कांवड़ियों की मौत हो गई। जबकि 15 युवक घायल हो गए।

.

हादसा उत्तर प्रदेश के मेरठ में मेरठ-हरिद्वार हाईवे पर शनिवार तड़के करीब 3 बजे हुआ। कांवड़िए गंगाजल लेकर अपने गांव अवार लौट रहे थे। फिलहाल घायलों का मेरठ के अस्पताल में इलाज जारी है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

खरखौदा थाना प्रभारी समर सिंह ने बताया- प्रारंभिक जानकारी में नेशनल हाईवे-334 पर ट्रक ड्राइवर को नींद की झपकी आने के कारण हादसा हुआ है। घटना में दो लोगों की मौत हुई है। ड्राइवर की तलाश की जा रही है। शवों के पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की जा रही है।

20 अगस्त को हरिद्वार गए थे 27 युवक पड़ोसी टोनी अवार ने बताया कि अवार गांव के 27 युवक 20 अगस्त को डाक कांवड़ लेने के लिए हरिद्वार गए थे। कांवड़िए देर रात गंगाजल लेकर गांव लौट रहे थे। हादसे के समय इनमें से 7 युवक हाईवे पर दौड़ते हुए आगे जा रहे थे, जबकि 20 कांवड़िए ट्रॉले में बैठे थे।

देर रात करीब 3 बजे मेरठ-हरिद्वार हाईवे पर कांवड़ियों की ट्रैक्टर-ट्रॉली आगे बढ़ रही थी, तभी पीछे से आए एक ट्रक ने तेज टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई।

हाईवे पर दौड़ रहे सात कांवड़िए भी तुरंत अपने साथियों के पास पहुंचे। राहगीरों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने यशपाल (17) और राजेंद्र (45) को मृत घोषित कर दिया।

यशपाल हादसे से करीब एक मिनट पहले ही ट्रॉली में आकर बैठा था।

सभी युवक इसी ट्रैक्टर-ट्रॉली में हरिद्वार से लौट रहे थे।

सभी युवक इसी ट्रैक्टर-ट्रॉली में हरिद्वार से लौट रहे थे।

अस्पताल में बिलखते हुए परिजन और घायल।

अस्पताल में बिलखते हुए परिजन और घायल।

परिवार का इकलौता बेटा था यशपाल पड़ोसी टोनी अवार ने बताया कि यशपाल के पिता हुकुम सिंह खेती बाड़ी करते हैं। यशपाल की मां गृहिणी है। यशपाल अपने माता-पिता का इकलौता बेटा है। यशपाल की इसी साल 12वीं कंप्लीट हुई थी और वो ग्रेजुएशन कर रहा था।

वहीं राजेंद्र घटना के समय ट्रैक्टर-ट्रॉली चला रहे थे। उनके एक बेटी और एक बेटा शिवम (16) है। घटना के दौरान शिवम गंगाजल लेकर चल रहा था। परिवार खेती बाड़ी करता है।

युवकों की ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लगा डाक कांवड़ यात्रा का पोस्टर।

युवकों की ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लगा डाक कांवड़ यात्रा का पोस्टर।

एक घायल को दिल्ली किया रेफर हादसे में घायल हुए युवकों में जितेंद्र, महेश, गुड्डू शर्मा, महावीर, पुष्पेंद्र, भूरा और सुरेश सहित अन्य शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल रविंद्र को इलाज के लिए मेरठ से दिल्ली रेफर किया गया है।

सभी घायल युवकों और मृतकों के परिजन मेरठ पहुंच चुके हैं। फिलहाल मृतकों के शव गांव नहीं लाए गए हैं।

पहली बार डाक कांवड़ लेने गए थे युवक टोनी ने बताया कि गांव के युवक पहली बार डाक कांवड़ लेने के लिए हरिद्वार गए थे। इस कांवड़ में युवा दौड़ते हुए आगे बढ़ते हैं और एक-दूसरे का कांवड़ थामकर सहयोग करते हैं।

दो युवकों की मौत की सूचना मिलते ही गांव में मातम पसर गया। पूरे गांव में शोक का माहौल है।

हादसे के बाद पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है।

हादसे के बाद पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है।