world-news

दिल्ली में हर दिन 17 हादसे और 5 मौतें... मरने वालों में 81% पैदल-दोपहिया वाले; इस साल के आंकड़ों ने डराया

October 14, 2026

Delhi road accidents 2026: दिल्ली में साल 2026 के शुरुआती नौ महीनों में राजधानी की सड़कों पर 1,309 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4,662 लोग घायल हुए. यानी हर दिन औसतन पांच लोगों की जान गई और 17 लोग घायल हुए. इस दौरान कुल 4,679 सड़क हादसे दर्ज किए गए. आंकड़ों के मुताबिक, मरने वालों में करीब 81 प्रतिशत दोपहिया वाहन चलाने वाले और पैदल यात्री थे.

जनवरी से सितंबर 2026 के बीच दिल्ली में हर दिन औसतन 17 सड़क हादसे हुए. हादसों, मौतों और घायलों की रोजाना औसत संख्या पिछले छह साल में सबसे ज्यादा रही. साल 2021 में हर दिन औसतन 13 हादसे होते थे. 2022 से 2025 के बीच यह संख्या बढ़कर 16 हो गई थी. वहीं, 2026 में यह आंकड़ा 17 तक पहुंच गया.

सड़क हादसों में मरने वालों की औसत संख्या भी बढ़ी है. साल 2021 में हर दिन औसतन तीन लोगों की मौत होती थी, जबकि 2022 में यह आंकड़ा चार हो गया. 2025 तक मौतों का रोजाना औसत इसी स्तर पर बना रहा. घायलों की बात करें तो 2021 में हर दिन औसतन 12 लोग घायल होते थे. 2025 में यह संख्या बढ़कर 15 हो गई.

पांच साल में 1,600 से ज्यादा लोगों की मौत

दिल्ली में सड़क हादसों का आंकड़ा पिछले कुछ सालों में लगातार बढ़ा है. साल 2021 में 4,720 हादसे हुए थे, जबकि 2022 में इनकी संख्या 5,652 हो गई. 2023 में 5,834, 2024 में 5,657 और 2025 में 5,689 हादसे दर्ज किए गए.

इन हादसों में 2021 में 1,239 लोगों की मौत हुई थी. 2022 में यह आंकड़ा 1,461, 2023 में 1,457, 2024 में 1,551 और 2025 में 1,617 तक पहुंच गया. घायलों की संख्या भी कम नहीं रही. 2025 में सड़क हादसों में 5,314 लोग घायल हुए थे.

हर पांच में से दो मृतक पैदल यात्री

दिल्ली की सड़कों पर पैदल चलना भी जानलेवा साबित हो रहा है. 2026 में सितंबर तक सड़क हादसों में करीब 492 पैदल यात्रियों की मौत हुई. यानी सड़क हादसों में जान गंवाने वाले हर पांच लोगों में से लगभग दो पैदल यात्री थे.

पिछले सालों के आंकड़े भी चिंता बढ़ाते हैं. साल 2021 में 504 पैदल यात्रियों की मौत हुई थी. 2022 में यह संख्या 629, 2023 में 622, 2024 में 584 और 2025 में 649 रही.

ट्रक और ई-रिक्शा से जुड़े हादसे भी बढ़े

2026 के शुरुआती नौ महीनों में सड़क हादसों में शामिल वाहनों में कारों की हिस्सेदारी 15 प्रतिशत, ट्रकों की 13 प्रतिशत, बसों की छह प्रतिशत और ई-रिक्शा की 2.5 प्रतिशत रही.

ई-रिक्शा से जुड़े हादसे 2021 में 55 थे, जो 2025 में बढ़कर 163 हो गए. इस साल सितंबर तक ऐसे 119 मामले सामने आए. वहीं, ट्रकों से जुड़े हादसे 2021 में 145 थे, जो 2025 में बढ़कर 207 हो गए. 2026 के शुरुआती नौ महीनों में ट्रकों से जुड़े 170 हादसे दर्ज किए गए.

पैदल यात्रियों और बाइक सवारों की सुरक्षा बड़ी चुनौती

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि ये आंकड़े दिल्ली की सड़कों को सुरक्षित बनाने की तत्काल जरूरत बताते हैं. खास तौर पर पैदल यात्रियों और दोपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा पर ध्यान देना जरूरी है, क्योंकि सड़क हादसों में मरने वालों में इनकी हिस्सेदारी सबसे ज्यादा है. अधिकारी के मुताबिक, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस सड़क हादसों को कम करने और लोगों की सुरक्षा बेहतर बनाने के लिए काम कर रही है.

TV9 Bharatvarsh

TV9 Bharatvarsh

टीवी9 भारतवर्ष डिजिटल TV9 नेटवर्क का प्रमुख हिंदी न्यूज़ प्लेटफॉर्म है. इस वेबसाइट पर देश-विदेश की ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, विश्लेषण और ग्राउंड रिपोर्टिंग से पाठकों को रूबरू कराया जाता है. टीवी9 की वेबसाइट tv9hindi.com प्रमुख हिंदी वेबसाइटों में अपना स्थान रखती है. टीवी9 हिंदी का अपना मोबाइल ऐप भी है, जहां टेक्स्ट और वीडियो दोनों माध्यम से खबरें पढ़ीं और देखी जा सकती हैं. टीवी9 वेबसाइट पर राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन, स्वास्थ्य, टेक और अंतरराष्ट्रीय मामलों जैसी विविध श्रेणियों में खबरें कवर की जाती हैं. यहां एक्सप्लेनर्स, एक्सक्लूसिव स्टोरीज, वीडियो रिपोर्ट्स और लाइव अपडेट्स मिलते हैं. TV9 नेटवर्क का डिजिटल सेगमेंट तेजी से बढ़ा है और मिलियंस की संख्या में यूनिक यूजर्स तक पहुंचता है.

Read More

google button