Delhi Police Operation Milap: दिल्ली पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन मिलाप से लापता लोग अपने परिवार को दोबारा मिल पा रहा हैं. पिछले एक महीने में इस मिशन के जरिए 159 लोग अपने परिवार से मिल चुके हैं.
Published bySuhel Khan
Delhi Police Operation Milap: दिल्ली पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन मिलाप से लापता लोग अपने परिवार को दोबारा मिल पा रहा हैं. पिछले एक महीने में इस मिशन के जरिए 159 लोग अपने परिवार से मिल चुके हैं.
![]()
New Update
/newsnation/media/media_files/2026/09/02/delhi-police-operation-milap-2026-09-02-13-22-06.jpg)
ऑपरेशन मिलाप के जरिए अपने परिवारों से मिले 159 लापता लोग
Delhi Police Operation Milap: दक्षिण-पश्चिम जिला पुलिस ने लापता लोगों को उनके परिवारों से मिलाने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन मिलाप’ के तहत बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने 1 अगस्त से 31 अगस्त 2026 के बीच कुल 159 लापता व्यक्तियों और बच्चों को तलाश कर सुरक्षित उनके परिवारों से मिलाया. इनमें 27 लापता/अपहृत बच्चे और 132 वयस्क शामिल हैं.
दक्षिण-पश्चिम जिला पुलिस के मुताबिक, लापता होने की शिकायत मिलते ही संबंधित थाना पुलिस ने तत्काल तलाश अभियान शुरू किया. पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ ऑटो स्टैंड, ई-रिक्शा स्टैंड, बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर लापता लोगों की तस्वीरें प्रदर्शित कीं. बस चालकों, कंडक्टरों और रेहड़ी-पटरी वालों से भी पूछताछ की गई. इसके अलावा स्थानीय मुखबिरों की मदद लेने के साथ आसपास के थानों और अस्पतालों के रिकॉर्ड भी जांचे गए.
कपासहेड़ा और पालम विलेज पुलिस ने बड़ी संख्या में लोगों को तलाशा
ऑपरेशन के दौरान थाना कपासहेड़ा पुलिस ने 5 नाबालिग बच्चों समेत 40 लोगों को तलाशा. इनमें एक बच्चा और चार बच्चियां शामिल थीं, जबकि 35 वयस्कों को भी बरामद किया गया. वहीं पालम विलेज थाना पुलिस ने 2 नाबालिग बच्चों और 18 वयस्कों समेत कुल 20 लोगों को तलाश कर परिवारों से मिलाया. वसंत कुंज साउथ थाना पुलिस ने भी 2 नाबालिग बच्चियों और 22 वयस्कों समेत कुल 24 लोगों को बरामद किया. सागरपुर थाना पुलिस ने 3 नाबालिग बच्चों और 13 वयस्कों समेत 16 लोगों को तलाशा, जबकि किशनगढ़ थाना पुलिस ने 3 नाबालिग बच्चियों और 6 वयस्कों को परिवार से मिलाया.
AHTU ने भी निभाई अहम भूमिका
एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU), दक्षिण-पश्चिम जिला ने अभियान के दौरान 7 नाबालिग बच्चों और एक महिला को तलाशा. सभी को सुरक्षित उनके परिवारों से मिलाया गया. इसके अलावा वसंत विहार, आरके पुरम, साउथ कैंपस, वसंत कुंज नॉर्थ, दिल्ली कैंट, सरोजिनी नगर और एस.जे. एन्क्लेव थाना पुलिस ने भी लापता बच्चों और वयस्कों को तलाशने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
पिछले वर्षों से लापता लोग भी मिले
ऑपरेशन मिलाप की खास बात यह रही कि पुलिस ने सिर्फ हाल में लापता हुए लोगों को ही नहीं, बल्कि पिछले वर्षों से लापता व्यक्तियों को भी तलाशा. अगस्त महीने में बरामद 159 लोगों में 2019 में लापता हुआ एक व्यक्ति, 2022 में लापता एक व्यक्ति और 2025 में लापता 4 लोग भी शामिल हैं. पुलिस के अनुसार, अगस्त 2026 में बरामद 159 लोगों में 153 लोग वर्ष 2026 में लापता हुए थे, जबकि बाकी लोग पिछले वर्षों से लापता थे.
ये भी पढ़ें: दिल्ली में पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमला, आंखों में लाल मिर्च झोंककर लाठी-डंडों से की गई पिटाई, 3 घायल
आठ महीने में 1149 लोगों की घर वापसी
दक्षिण-पश्चिम जिला पुलिस ने बताया कि 1 जनवरी 2026 से 31 अगस्त 2026 तक कुल 1149 लापता व्यक्तियों और बच्चों को तलाश कर उनके परिवारों से मिलाया जा चुका है. इनमें 296 बच्चे और 853 वयस्क शामिल हैं. दक्षिण-पश्चिम जिला पुलिस का कहना है कि ‘ऑपरेशन मिलाप’ के तहत तकनीकी जांच, स्थानीय पूछताछ, सीसीटीवी निगरानी और मानवीय दृष्टिकोण के साथ लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि लापता लोगों को जल्द से जल्द तलाश कर उनके परिवारों तक सुरक्षित पहुंचाया जा सके. इस अभियान की निगरानी दक्षिण-पश्चिम जिला पुलिस के डीसीपी अमित गोयल, IPS के नेतृत्व में की जा रही है. पुलिस की इस कार्रवाई से लंबे समय से अपने परिजनों की तलाश कर रहे कई परिवारों को राहत मिली है.
ये भी पढ़ें: दिल्ली में वीजा नियमों का उल्लंघन करने वाले दो बांग्लादेशी नागरिक पकड़े गए