world-news

टोंक में आज भी बारिश का अलर्ट: बीसलपुर बांध जलस्तर तीसरे दिन भी नहीं बढ़ा, 157.70 मिमी बरसात के बाद भी आवक नहीं - Tonk News

July 25, 2026

टोंक में शनिवार को लगातार चौथे दिन भी बादल छाए रहे और बारिश का मौसम बना रहा। सुबह 10 बजे तक जिले में बूंदाबांदी हुई, लेकिन तेज बारिश नहीं हुई। जिले में आज भी बारिश का अलर्ट जारी है। वहीं बीसलपुर बांध का जलस्तर लगातार तीसरे दिन 313.62 आरएल मीटर पर बना

.

बीसलपुर बांध का जलस्तर तीसरे दिन भी स्थिर है।

बीसलपुर बांध का जलस्तर तीसरे दिन भी स्थिर है।

सुबह 10 बजे तक बूंदाबांदी, तेज बारिश का इंतजार

शनिवार सुबह से जिले में कहीं घने तो कहीं हल्के बादल छाए रहे। सुबह 10 बजे तक बूंदाबांदी को छोड़कर कहीं भी तेज बारिश दर्ज नहीं हुई। बादलों और ठंडी हवा के चलते मौसम सुहावना बना हुआ है। मौसम विभाग की ओर से जिले में आज भी बारिश का अलर्ट जारी है। ऐसे में दोपहर और शाम तक जिले के कई इलाकों में बारिश होने की संभावना बनी हुई है।

24 घंटे में औसतन 0.48 मिमी बारिश दर्ज

बीते 24 घंटे में शनिवार सुबह 8 बजे तक जिले में औसतन 0.48 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसमें देवली में 4 मिमी, मालपुरा में 5 मिमी और लाम्बा हरिसिंह में 2 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई।

सीजन में अब तक 157.70 मिमी बारिश

इस मानसून सीजन में अब तक टोंक जिले में 157.70 मिमी (24.08%) औसत बारिश दर्ज की गई है। जबकि शुक्रवार सुबह 8 बजे तक यह आंकड़ा 157.22 मिमी (24.01%) था। लगातार चौथे दिन तापमान में भी ज्यादा बदलाव नहीं देखा गया। शनिवार को न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

बीसलपुर बांध में तीसरे दिन भी नहीं बढ़ी पानी की आवक

जिले और बीसलपुर बांध के भराव क्षेत्र में तेज बारिश नहीं होने के कारण बांध में पानी की आवक नहीं बढ़ रही है। पिछले तीन दिनों से बांध का जलस्तर 313.62 आरएल मीटर पर ही बना हुआ है। शुक्रवार और गुरुवार को भी जलस्तर 313.62 आरएल मीटर ही दर्ज किया गया था।

इस साल मानसून के दौरान अब तक उम्मीद के अनुरूप पानी नहीं आने से चिंता बनी हुई है। हालांकि लोगों को उम्मीद है कि अगस्त में अच्छी बारिश होगी और बीसलपुर बांध लबालब भर सकेगा।

पिछले साल 24 जुलाई को खुले थे बांध के गेट

गत वर्ष जुलाई में अच्छी बारिश होने से 24 जुलाई को ही बीसलपुर बांध के गेट खोल दिए गए थे। इस बार जुलाई में बारिश अपेक्षा से कम रहने के कारण इस महीने बांध के गेट खुलने की संभावना काफी कम है। फिलहाल बांध अभी भी करीब पौने दो मीटर खाली है।

चार दिन से धूप नहीं निकली, मौसम सुहावना

जिले में पिछले चार दिनों से सूर्य के दर्शन बहुत कम हुए हैं। सुबह से आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहती है और ठंडी हवा चलने से धूप का असर नहीं है। इससे मौसम सुहावना बना हुआ है। कई लोग इस मौसम का आनंद लेने के लिए बाहर घूमने निकल रहे हैं। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि येलो अलर्ट के चलते जिले के कई हिस्सों में तेज बारिश हो सकती है, हालांकि शनिवार सुबह तक ऐसी स्थिति नहीं बनी थी।