दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या को 1550 दिन बीत जाने के बाद भी उनके पिता बलकौर सिंह इंसाफ की गुहार लगा रहे हैं। उन्होंने एक बार फिर सोशल मीडिया के जरिए पंजाब पुलिस और आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
.
बलकौर सिंह का आरोप है कि उनके बेटे से जुड़ी वित्तीय धोखाधड़ी और गड़बड़ियों के मामले में एफआईआर दर्ज होने के बावजूद पुलिस आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। FIR में नामजद आरोपी खुलेआम बड़े सार्वजनिक कार्यक्रमों में घूम रहे हैं और पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है।
बलकौर सिंह ने सीधे तौर पर पुलिस प्रशासन से पूछा है कि 11 फरवरी 2026 को दर्ज हुई एफआईआर के बाद अब तक क्या कदम उठाए गए हैं? उन्होंने सवाल उठाया कि यदि आरोपी राज्य से बाहर हैं, तो उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी क्यों नहीं किया गया या उन्हें गिरफ्तार क्यों नहीं किया जा रहा?
एक साधारण परिवार को अपने अधिकारों और बेटे की मेहनत की कमाई के इंसाफ के लिए सड़कों पर उतरना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपियों को राजनीतिक संरक्षण मिल रहा है। मूसेवाला के पिता ने साफ किया कि वे कोई राजनीतिक अहसान नहीं, बल्कि केवल कानून के मुताबिक निष्पक्ष जांच और जवाबदेही चाहते हैं।

सिद्धू मूसेवाला के पिता का ट्वीट
मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने पंजाब पुलिस पर उठाए सवाल, जानिए...
- FIR दर्ज होने के बावजूद कार्रवाई में देरी : बलकौर सिंह का कहना है कि पंजाब पुलिस ने 11 फरवरी 2026 को उनके बेटे सिद्धू मूसेवाला से जुड़ी धोखाधड़ी और वित्तीय अनियमितताओं के मामले में केस दर्ज किया था। इसके बावजूद महीनों बीत जाने पर भी पुलिस की ओर से कोई ठोस कानूनी कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब एफआईआर दर्ज हो चुकी है, तो जांच को ठंडे बस्ते में क्यों डाला जा रहा है? पुलिस उन्हें जांच का स्टेटस तक नहीं बता रही।
- सरेआम घूम रहे नामजद आरोपी: बलकौर सिंह ने आरोप लगाया कि मामले में नामजद आरोपी बेखौफ होकर सार्वजनिक कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने मुंबई के ग्रैंड हयात में आयोजित एक कार्यक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि आरोपी एक साथ खुलेआम घूम रहे हैं। उन्होंने पंजाब पुलिस से पूछा कि यदि आरोपी पंजाब से बाहर हैं, तो उनके खिलाफ अब तक लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी कर उन्हें गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया?
- क्या आरोपियों को मिल रहा है राजनीतिक संरक्षण: पंजाब पुलिस और प्रदेश की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार को घेरते हुए बलकौर सिंह ने पूछा कि क्या इन आरोपियों को किसी तरह का राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है? उन्होंने कहा कि एक आम परिवार को अपने अधिकारों और अपने दिवंगत बेटे की गाढ़ी कमाई के इंसाफ के लिए सड़कों पर भटकने और धरने देने के लिए मजबूर किया जा रहा है, जबकि धोखाधड़ी के आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं।
- हमें राजनीतिक अहसान नहीं, न्याय चाहिए: बलकौर सिंह ने स्पष्ट किया कि उन्हें किसी भी राजनीतिक दल या सरकार से कोई व्यक्तिगत या राजनीतिक अहसान नहीं चाहिए। वे सिर्फ यह चाहते हैं कि कानून सभी के लिए समान हो। उन्होंने पंजाब पुलिस के डीजीपी से मांग की कि मामले की पूरी ईमानदारी से निष्पक्ष जांच की जाए और दोषियों को जल्द से जल्द कानून के कटघरे में खड़ा किया जाए।
- सिद्धू के फैंस से साथ देने की अपील: अपने संदेश के अंत में बलकौर सिंह ने सिद्धू मूसेवाला के देश-विदेश में मौजूद करोड़ों प्रशंसकों से एकजुट होने की अपील की। उन्होंने फैंस से कहा कि वे इस संदेश को ज्यादा से ज्यादा शेयर करें और पंजाब पुलिस व संबंधित अधिकारियों को टैग करके उचित जांच और न्याय की मांग करें, ताकि कानून की बराबरी का संदेश समाज में जा सके।