world-news

152 शहरों में खत्म होंगे कचरे के पहाड़: प्रदेश के 152 नगरीय निकायों में वर्षों से जमा करीब 75 लाख घनमीटर लिगेसी वेस्ट को हटाने की परियोजना शुरू - Jaipur News

July 13, 2026

जयपुर37 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

प्रदेश के 152 नगरीय निकायों में वर्षों से जमा करीब 75 लाख घनमीटर लिगेसी वेस्ट (पुराने कचरे) को हटाने के लिए 310 करोड़ रुपए की परियोजना शुरू करने जा रही है। अब इन स्थानों पर वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट स्थापित किए जाएंगे, ताकि भविष्य में दोबारा कचरे के पहाड़ नहीं बनें। सरकार इसे केंद्र के ‘जीरो डंपसाइट’ लक्ष्य की दिशा में बड़ा कदम मान रही है।

परियोजना के तहत अब तक 30 नगरीय निकायों में 24 लाख घनमीटर कचरे के निस्तारण के कार्यादेश जारी किए जा चुके हैं, जबकि 40 निकायों में 35 लाख घनमीटर कार्यों के लिए लेटर ऑफ एक्सेप्टेंस (एलओए) यानी स्वीकृति पत्र जारी हो चुका है। शेष 82 निकायों में लगभग 16 लाख घनमीटर कचरे के निस्तारण के लिए तकनीकी मूल्यांकन चल रहा है। स्वच्छ भारत मिशन-शहरी 2.0 के तहत राजस्थान में नवंबर 2025 से मार्च 2026 के बीच करीब 24 लाख घनमीटर लिगेसी वेस्ट का वैज्ञानिक निस्तारण भी किया जा चुका है।

पुराना कचरा ईंधन और सड़क निर्माण में काम आएगा

ऐसे खत्म होगा वर्षों पुराना कचरा पुराने कचरे का निस्तारण बायोमाइनिंग तकनीक से किया जाएगा। इसमें कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में छांटकर उपयोगी सामग्री निकाली जाएगी। मिट्टी जैसी सामग्री सड़क निर्माण में, प्लास्टिक और धातु रीसाइक्लिंग में तथा ज्वलनशील पदार्थों से आरडीएफ (रिफ्यूज डिराइव्ड फ्यूल) तैयार कर सीमेंट उद्योग और ऊर्जा उत्पादन में इस्तेमाल किया जाएगा।

इन राज्यों में अच्छी वर्किंग

  • मध्य प्रदेश: देश के अग्रणी राज्यों में शामिल। इंदौर ने सबसे पहले बड़े लिगेसी वेस्ट डंप खत्म कर जमीन का पुन: उपयोग किया। भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर और उज्जैन में भी परियोजनाएं चली हैं।
  • गुजरात: अहमदाबाद, सूरत, राजकोट और वडोदरा सहित कई शहरों में पुराने कचरे के पहाड़ हटाए गए और जमीन को विकसित किया गया।
  • उत्तर प्रदेश: लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज, गाजियाबाद, नोएडा और आगरा समेत अनेक शहरों में डंपसाइट रेमेडिएशन जारी है।
  • महाराष्ट्र: मुंबई, पुणे, नागपुर, ठाणे, नासिक और औरंगाबाद में बड़े डंपसाइट खत्म करने के लिए बायोमाइनिंग परियोजनाएं चल रही हैं।
  • कर्नाटक: बेंगलुरु, मैसूर और हुबली-धारवाड़ में पुराने कचरे के निस्तारण पर काम हुआ है।
  • तमिलनाडु: चेन्नई, कोयंबटूर, मदुरै और तिरुचिरापल्ली में कई डंपसाइट रेमेडिएशन प्रोजेक्ट चल रहे हैं।
  • तेलंगाना: हैदराबाद और अन्य नगर निकायों में बायोमाइनिंग और वेस्ट प्रोसेसिंग पर काम जारी है।
  • ओडिशा: भुवनेश्वर, कटक, राउरकेला शहरों में पुराने कचरे के ढेर हटाए जा रहे हैं।
  • हरियाणा: गुरुग्राम, फरीदाबाद, करनाल, पानीपत और रोहतक में डंपसाइट रेमेडिएशन परियोजनाएं लागू हैं।
  • पंजाब: लुधियाना, अमृतसर, जालंधर और पटियाला में पुराने डंपिंग ग्राउंड के निस्तारण का कार्य चल रहा है।

.