world-news

उज्जैन में शाही मस्जिद का हिस्सा खुद ही हटा रही कमेटी...पथराव के बाद 15 गिरफ्तार; 5 इन्फ्लुएंसर्स पर केस

September 29, 2026

Shahi Masjid Ujjain: मध्य प्रदेश के उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण के लिए शाही मस्जिद के एक छोटे हिस्से को हटाए जाने के दौरान सोमवार को जमकर बवाल हुआ. पुलिस पर भीड़ ने पथराव कर दिया. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया और आंसू गैस के गोले छोड़े. अब इस मामले में 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. 5 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स पर भी केस दर्ज हुआ है.वहीं, मंगलवार सुबह मस्जिद नुमाइंदा कमेटी के सदस्य आपसी सहमति से निर्माण को फिर से खुद ही हटा रहे हैं.

कंठाल से गोपाल मंदिर मार्ग के सड़क चौड़ीकरण की योजना के तहत छत्री चौक स्थित शाही मस्जिद के निर्माण का कुछ हिस्सा हटाया जा रहा है. मार्ग चौड़ीकरण का काम प्रभावित न हो, इसके लिए मस्जिद के नीचे संचालित आठ से दस दुकानों को भी देर रात खाली करा लिया गया है. प्रशासन का कहना है कि सड़क को चौड़ा करने के लिए जरूरी हिस्से को हटाने पर कमेटी के सदस्यों की सहमति थी.

कैसे फैली अफवाह?

प्रशासन के मुताबिक, सोमवार को मस्जिद कमेटी द्वारा शांतिपूर्ण तरीके से निर्माण हटाए जाने के बावजूद सोशल मीडिया पर भ्रामक रील और वीडियो प्रसारित होने लगे. इनमें दावा किया गया कि प्रशासन बुलडोजर के जरिए मस्जिद को तोड़ रहा है. इन अफवाहों के बाद टंकी चौक और अंडा गली इलाके से लोगों की भीड़ मस्जिद की ओर बढ़ने लगी. मौके पर मौजूद सुरक्षा बलों ने लोगों को रोकने की कोशिश की. इसी दौरान कुछ उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव कर दिया. पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया और आंसू गैस के गोले छोड़े.

शहर काजी के घर पर भी पथराव

विवाद के दौरान शहर काजी खलीकुरेहमान ने लोगों से सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांति बनाए रखने की अपील की. पुलिस के अनुसार, इसके बावजूद करीब 50 से अधिक लोगों की भीड़ ने तेलीवाड़ा मार्ग स्थित शहर काजी के घर पर पथराव कर दिया.

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को वहां से हटाया. इसके बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई और पुलिस ने उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान शुरू कर दी.

5 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स पर केस

पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए कथित तौर पर भ्रामक वीडियो और अफवाह फैलाने के मामले में पांच सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के खिलाफ खाराकुआं थाने में प्रकरण दर्ज किया है. इनमें साजिद खान, इमरान खान, गुलरेज खान, बिल्लू पठान और आरिफ पठान शामिल हैं.

पुलिस का आरोप है कि इन सोशल मीडिया अकाउंट्स के जरिए ऐसे वीडियो प्रसारित किए गए, जिनसे लोगों के बीच भ्रम और दहशत का माहौल बना.

पथराव के मामले में 15 गिरफ्तार

पथराव की घटना को लेकर खाराकुआं, कोतवाली और महाकाल थाना पुलिस ने कार्रवाई की. पुलिस ने बिलाल, तालू हेला, सलीम, नदीम, तौफिक, शाकिर, शाहनवाज, आर्षद दीवान, अल्तमस, अरबाज और वसीम मंसूरी समेत 15 लोगों को गिरफ्तार किया है. सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है.

कलेक्टर ने अफवाहों से बचने की अपील की

उज्जैन कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने कहा कि मस्जिद कमेटी और संबंधित लोगों ने शहर के विकास तथा सड़क चौड़ीकरण के लिए आपसी सहमति से निर्माण हटाने की पहल की है. उन्होंने आम नागरिकों से सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक खबरों और अफवाहों पर भरोसा नहीं करने की अपील की है. प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों से दूर रहने को कहा है.

रवि सेन, उज्जैन

रवि सेन, उज्जैन

google button