रायपुर में नशे के खिलाफ पुलिस ने 48 घंटे के भीतर तीन थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की। सरस्वती नगर, कबीर नगर और टिकरापारा पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कुल 14.555 किलो गांजा जब्त किया। कार्रवाई में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक नाबालिग को भी प
.
पुलिस ने गांजे के साथ ई-रिक्शा, मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 9.56 लाख रुपए बताई गई है।

ई-रिक्शा में पान मसाला की पैकिंग में छिपाया था 9.440 किलो गांजा
सरस्वती नगर पुलिस को 22 सितंबर को सूचना मिली थी कि कोटा के वाटिका नगर खाली मैदान के पास ई-रिक्शा में दो लोग गांजा लेकर ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों को पकड़ लिया।

तलाशी में ‘मधुबन पान मसाला सजल’ लिखी पैकिंग के अंदर टेप में लिपटा 9.440 किलो गांजा मिला। पुलिस ने गांजे के साथ ई-रिक्शा भी जब्त किया है। जब्त सामान की कीमत करीब 7.50 लाख रुपए बताई गई है।
इस मामले में ईशु दास क्षत्रिय (44) और संजु महानंद (27) को गिरफ्तार किया गया है। दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
कबीर नगर में 2.615 किलो गांजा, एक आरोपी और नाबालिग पकड़ा
कबीर नगर पुलिस ने फेस-04 इलाके में कार्रवाई कर 2.615 किलो गांजा जब्त किया। पुलिस ने मौके से 24 वर्षीय गुरमीत मार्कण्डेय को गिरफ्तार किया। उसके साथ एक विधि से संघर्षरत बालक भी पकड़ा गया है।
पुलिस ने गांजे के साथ दो मोबाइल फोन और एक TVS Raider बाइक जब्त की है। जब्त सामान की कीमत करीब 81,500 रुपए बताई गई है। नाबालिग की पहचान कानूनी प्रावधानों के तहत गोपनीय रखी गई है।
भाठागांव बस स्टैंड पर बेचने की तैयारी में था आरोपी
23 सितंबर को टिकरापारा पुलिस को सूचना मिली कि भाठागांव बस स्टैंड के गेट नंबर-1 के पास एक व्यक्ति गांजा बेचने की फिराक में है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर 31 वर्षीय शैफ अली उर्फ बाबू जीएसटी को पकड़ लिया।
तलाशी में उसके पास पीले रंग के थैले के अंदर टेप से लिपटा पैकेट मिला। इसमें 2.500 किलो गांजा था, जिसकी कीमत करीब 1.25 लाख रुपए बताई गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
48 घंटे में तीन जगह कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक 22 और 23 सितंबर को हुई इन तीन कार्रवाइयों में कुल 14.555 किलो गांजा जब्त किया गया। पुलिस ने तीनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है। नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रखने की बात पुलिस ने कही है।