world-news

अलीगढ़ में गल्ला व्यापारी से लूट: दुकान बंद करके घर जा रहे थे, बदमाशों ने रास्ते में रोका, बैग लेकर फरार - Aligarh News

October 10, 2026

अलीगढ़ के छर्रा में शनिवार रात गल्ला व्यापारी से 14 लाख रुपए और बाइक लूटने का मामला सामने आया है। व्यापारी महेश कुमार दुकान बंद करके गांव लौट रहे थे। आरोप है कि छर्रा-पनेठी रोड पर बाइकला गांव के पास दो बाइकों से आए पांच नकाबपोश बदमाशों ने हथियार दिखा

.

व्यापारी के बेटे सनी ने बदमाशों का करीब दो किलोमीटर तक पीछा किया, लेकिन उसकी बाइक फिसल गई। इस कारण बदमाश भाग निकले। एसएसपी नीरज जादौन ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मंडी में जांच करते पुलिस के अधिकारी।

मंडी में जांच करते पुलिस के अधिकारी।

दुकान बंद कर गांव लौट रहे थे व्यापारी

बरला क्षेत्र के गांव परौरा निवासी महेश कुमार की छर्रा की गल्ला मंडी में आढ़त है। एसपी देहात मनीष मिश्रा के मुताबिक, शनिवार रात करीब सवा आठ बजे महेश दुकान बंद करके स्प्लेंडर बाइक से गांव लौट रहे थे। छर्रा कस्बा पार करने के बाद बाइकला गांव के पास पांच नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।

व्यापारी के मुताबिक, बदमाश उनकी बाइक और उस पर टंगा बैग लेकर फरार हो गए। बैग में 14 लाख रुपए और कारोबार से जुड़े दस्तावेज थे।

महेश दुकान बंद करके स्प्लेंडर बाइक से गांव लौट रहे थे।

महेश दुकान बंद करके स्प्लेंडर बाइक से गांव लौट रहे थे।

बेटे ने दो किलोमीटर तक पीछा किया

घटना के बाद महेश ने अपने बेटे सनी को फोन किया। सनी ने डायल 112 पर सूचना दी और बदमाशों की तलाश में निकल पड़ा। उसके मुताबिक, घटनास्थल से करीब ढाई किलोमीटर आगे उसे पिता की बाइक लेकर जाते बदमाश दिखाई दिए।

सनी ने उनका करीब दो किलोमीटर तक पीछा किया, लेकिन रास्ते में कंकड़ आने से उसकी बाइक फिसल गई। वह गिर पड़ा और बदमाश भाग निकले।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस जांच कर रही है कि बदमाश व्यापारी के पीछे मंडी से ही लगे थे या रास्ते में उनकी रेकी की गई थी। मंडी से घटनास्थल तक लगे CCTV कैमरों की फुटेज देखी जा रही है। एसओजी और सर्विलांस टीम को भी जांच में लगाया गया है। मौके से मिले साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है।

मोबाइल नहीं लूटने पर भी जांच

एसएसपी नीरज जादौन ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि शुरुआत में पुलिस को बाइक लूटने की सूचना मिली थी। बाद में व्यापारी ने बाइक पर रखे बैग में 14 लाख रुपए होने की जानकारी दी। व्यापारी का मोबाइल नहीं लूटे जाने समेत अन्य बिंदुओं की भी जांच की जा रही है।

एसपी देहात के मुताबिक, घटना का खुलासा करने के लिए तीन पुलिस टीमें लगाई गई हैं। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की सही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

नीरज जादौन, एसएसपी: शुरुआती सूचना बाइक लूटने की मिली थी। बाद में 14 लाख रुपए भी लूटे जाने की बात सामने आई। मोबाइल नहीं लूटे जाने समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।