world-news

दक्षिण अफ्रीका पर 139 रन की बढ़त के साथ ऑस्ट्रेलिया ने बनाया दबदबा | IBC24

October 11, 2026

डरबन, 11 अक्टूबर (एपी) कप्तान पैट कमिंस की अगुआई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद अपनी दूसरी पारी में बिना किसी नुकसान के 33 रन बनाकर ऑस्ट्रेलिया ने पहले क्रिकेट टेस्ट के तीसरे दिन रविवार को दक्षिण अफ्रीका पर 139 रन की बढ़त हासिल कर ली।

कमिंस ने 54 रन देकर तीन विकेट झटके, जबकि मिशेल स्टार्क (63 रन पर दो विकेट), जोश हेजलवुड (54 रन पर दो विकेट) और नाथन लियोन (58 रन पर दो विकेट) ने भी उपयोगी योगदान दिया जिससे दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी 284 रन पर सिमट गई।

ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 390 रन बनाये थे। दूसरी पारी में स्टंप्स के समय निक मैडिनसन 17 और ट्रेविस हेड 10 रन बनाकर क्रीज पर थे। खराब रोशनी के कारण एक बार फिर खेल जल्दी रोकना पड़ा।

दक्षिण अफ्रीका की ओर से डेविड बेडिंघम ने 73 गेंदों में सबसे ज्यादा 49 रन बनाए।

दक्षिण अफ्रीका का स्कोर आठ विकेट पर 197 रन था और टीम बड़ी मुश्किल में नजर आ रही थी लेकिन केशव महाराज और साइमन हार्मर ने नौवें विकेट के लिए 52 रन जोड़कर टीम को कुछ राहत दिलाई।

महाराज ने 34 रन बनाए, जबकि हार्मर 35 रन बनाकर नाबाद रहे। दोनों की साझेदारी ने दक्षिण अफ्रीका को फॉलोऑन के खतरे से बाहर निकलने में मदद की।

दूसरे दिन एक विकेट पर 27 रन से आगे खेलने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम ने तीसरे दिन लंच तक 115 रन तक पहुंचने में चार विकेट गंवा दिये थे।

बीते दिन के नाबाद बल्लेबाज एडेन मारक्रम और बेडिंघम ने 57 रन जोड़े। ऑस्ट्रेलिया को पहली सफलता 21वें ओवर में मिली जब मारक्रम (37) मिशेल स्टार्क की गेंद पर स्लिप में कैच दे बैठे। इसके बाद तेम्बा बावुमा (3) लियोन की गेंद पर रिवर्स स्वीप खेलने के प्रयास में स्टीव स्मिथ को कैच थमा बैठे।

कमिंस ने बेडिंघम को स्लिप में स्मिथ के हाथों कैच कराकर दक्षिण अफ्रीका को तीसरा बड़ा झटका दिया। स्मिथ ने इस दौरान शानदार कैच लपका।

कमिंस ने लंच के बाद वियान मुल्डर (30) और ट्रिस्टन स्टब्स (32) को भी चलता किया। दोनों ने साथ छठे विकेट के लिए 56 रन जोड़े थे।

काइल वेरेन (13) लियोन का शिकार बने जबकि 20 गेंदों में छह चौकों की मदद से 26 रन बनाने वाले मार्को यानसन हेजलवुड की गेंद पर कैच दे बैठे।

चाय तक दक्षिण अफ्रीका का स्कोर आठ विकेट पर 238 रन था। इसके बाद महाराज और हार्मर ने नौवें विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी की।

स्टार्क ने महाराज को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा।

एपी

आनन्द सुधीर

सुधीर