world-news

भारत में सेमीकंडक्टर का जलवा, चिप कंपनियों में आया 13 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश

September 14, 2026

SEMICON India: भारत का सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम इस समय एक बड़े बदलाव के दौर से गुजर रहा है. देश को चिप निर्माण और डिजाइन का ग्लोबल सेंटर बनाने की कोशिशें अब जमीन पर साफ दिखने लगी हैं. ट्रैक्सन के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश के सेमीकंडक्टर सेक्टर की 281 कंपनियों ने अब तक कुल मिलाकर 1.4 अरब डॉलर यानी करीब 13,377 करोड़ रुपये की इक्विटी फंडिंग हासिल कर ली है. सबसे दिलचस्प बात यह है कि इस पूरी पूंजी का लगभग आधा हिस्सा साल 2025 के बाद से जुटाया गया है. यह आंकड़े साफ बताते हैं कि निवेशकों की दिलचस्पी भारतीय कंपनियों में कितनी तेजी से बढ़ी है.

इस पूरे बदलाव के बीच एक बड़ा मौका सामने आ रहा है. देश की राजधानी नई दिल्ली के द्वारका में स्थित यशोभूमि में 17 से 19 सितंबर तक सेमीकॉन इंडिया के पांचवें संस्करण का आयोजन होने जा रहा है. इस बड़े वैश्विक आयोजन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे. इस मंच पर दुनिया भर के बड़े उद्योगपति, नीति निर्माता, राज्य सरकारों के प्रतिनिधि और तकनीकी विशेषज्ञ एक साथ जुटेंगे, जिससे भारतीय सेमीकंडक्टर उद्योग को नई दिशा मिलने की उम्मीद है.

हाल के समय में पूंजी जुटाने में भारी उछाल

रिपोर्ट के अनुसार, साल 2025 के बाद से ही इस सेक्टर ने 70.1 करोड़ डॉलर का निवेश हासिल किया है. इसमें साल 2026 में अब तक जुटाए गए 22.8 करोड़ डॉलर की रकम भी शामिल है. भारत में इस समय कुल 3,557 सेमीकंडक्टर कंपनियां काम कर रही हैं. इनमें से 281 कंपनियों को किसी न किसी रूप में फंडिंग मिली है, जबकि 142 कंपनियां ऐसी हैं जिन्होंने शुद्ध रूप से इक्विटी फंडिंग हासिल की है.

अगर पिछले पांच सालों के सफर को देखें, तो यह तेजी हैरान करने वाली है. साल 2021 में पूरे सेक्टर को केवल 4.9 करोड़ डॉलर का निवेश मिला था, जो साल 2025 तक बढ़कर 47.3 करोड़ डॉलर पर पहुंच गया. इस पांच साल के दौर में सेक्टर की फंडिंग 36 प्रतिशत से ज्यादा की सालाना चक्रवृद्धि दर से बढ़ी है. यह दिखाता है कि भारत अब केवल चिप का खरीदार नहीं, बल्कि उसे बनाने और विकसित करने का बड़ा केंद्र बनता जा रहा है.

निवेश पाने में टेसोल्व रही सबसे आगे

फंडिंग हासिल करने वाली कंपनियों की बात करें तो टेसोल्व सेमीकंडक्टर इस दौड़ में सबसे आगे खड़ी नजर आती है. कंपनी ने अब तक 21.3 करोड़ डॉलर की कुल फंडिंग अपने नाम की है. इसके बाद इलजिन इलेक्ट्रॉनिक्स ने 19.8 करोड़ डॉलर और वीवीडीएन ने 12.9 करोड़ डॉलर का निवेश जुटाया है. यह आंकड़े बताते हैं कि स्थापित और मजबूत तकनीकी बुनियाद वाली कंपनियां बड़े निवेशकों को अपनी ओर खींचने में सफल रही हैं.

बिजनेस मॉडल के स्तर पर भी बड़ा बदलाव देखने को मिला है. इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग सर्विसेज यानी ईएमएस मॉडल साल 2025 से सबसे ज्यादा पसंदीदा रहा है और इसने 31.3 करोड़ डॉलर की पूंजी जुटाई है. इसके अलावा एम्बेडेड हार्डवेयर सेक्टर ने 5.19 करोड़ डॉलर का निवेश हासिल किया, जो पूरी तरह से पिछले बारह महीनों में आया है. साथ ही पावर मैनेजमेंट इंटीग्रेटेड सर्किट और फैबलेस कंपनियों ने भी निवेशकों का ध्यान खींचा है.

बेंगलुरु बना चिप सेक्टर की पहली पसंद

देश के भीतर सेमीकंडक्टर गतिविधियों का सबसे बड़ा गढ़ बेंगलुरु बना हुआ है. भारत की 3,557 कंपनियों में से लगभग 18 प्रतिशत यानी 626 कंपनियां अकेले बेंगलुरु में स्थित हैं. इतना ही नहीं, देश में आई कुल इक्विटी फंडिंग का 40.1 प्रतिशत हिस्सा भी इसी शहर की झोली में गया है. इसके बाद दूसरे नंबर पर उत्तर प्रदेश का नोएडा रहा, जिसने 16.4 प्रतिशत फंडिंग हासिल की. गुरुग्राम 10.7 प्रतिशत, कोच्चि 8.8 प्रतिशत और हैदराबाद 6.2 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ इसके बाद रहे.

कंपनियों के लिए अधिग्रहण बना बाहर निकलने का रास्ता

भारतीय सेमीकंडक्टर बाजार में निवेशकों और प्रमोटर्स के लिए अधिग्रहण सबसे लोकप्रिय रास्ता साबित हुआ है. आंकड़ों के अनुसार, 42 आईपीओ की तुलना में 62 अधिग्रहण दर्ज किए गए हैं. कंपनियों को अपने पहले फंडिंग राउंड से अधिग्रहण तक पहुंचने में औसतन 11.8 साल का समय लगा, जबकि शेयर बाजार में लिस्ट होने वाली कंपनियों को इस मुकाम तक पहुंचने में 16.5 साल लगे.

अब तक का सबसे बड़ा सौदा ईइन्फोचिप्स का रहा, जिसका 28.2 करोड़ डॉलर में अधिग्रहण हुआ था. इसके बाद नारायण पावरटेक का सौदा 26.2 करोड़ डॉलर और स्मार्टप्ले टेक्नोलॉजीज का सौदा 18 करोड़ डॉलर में हुआ था. वहीं हाल के महीनों में शेयर बाजार में भी हलचल रही है. अगस्त 2026 में टेम्‍पसेंस इंस्ट्रूमेंट्स 26.3 करोड़ डॉलर के मार्केट कैप के साथ लिस्ट हुई, जबकि मैरीट्रॉनिक्स ने जून 2026 में बाजार में अपनी शुरुआत की. यह सारे संकेत बताते हैं कि भारतीय सेमीकंडक्टर उद्योग अब मजबूती के साथ आगे बढ़ रहा है.

यह भी पढ़ें: 'सेमीकॉन इंडिया 2026' का 17 सितंबर को उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी, 600 से अधिक कंपनियां होंगी शामिल