Mathura News: उत्तर प्रदेश के मथुरा और वृंदावन के विकास को लेकर योगी सरकार ने कई बड़े फैसले किए हैं. मथुरा-वृंदावन के बीच करीब 12 किलोमीटर लंबे पुराने रेल ट्रैक पर अब सड़क बनाने की योजना है. इसके साथ ही ब्रज क्षेत्र की 200 पुरानी और ऐतिहासिक धरोहरों को संरक्षित करने के लिए ‘तीर्थ मित्र’ योजना शुरू की जाएगी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की नौवीं बैठक में ब्रज क्षेत्र के विकास, विरासत संरक्षण और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं देने से जुड़े कई प्रस्तावों पर चर्चा की गई.
रेलबस सेवा बंद होने के बाद लिया फैसला
ब्रज तीर्थ विकास परिषद की मुख्य कार्यपालक अधिकारी लक्ष्मी नागप्पन ने बताया कि मथुरा और वृंदावन के बीच पहले रेलबस सेवा चलती थी. इसके बंद होने के बाद करीब 12 किलोमीटर लंबे रेल ट्रैक के उपयोग को लेकर नया फैसला लिया गया है. अब इस रेल ट्रैक पर सड़क बनाने की योजना तैयार की जाएगी. सड़क बनने से मथुरा और वृंदावन के बीच आवागमन आसान होने की उम्मीद है. स्थानीय लोगों के साथ-साथ देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं को भी इसका लाभ मिल सकता है.
ये भी पढ़ें- 200 किलो चांदी से सजा गर्भगृह, स्पेशल पोशाक में दर्शन देंगे लड्डू गोपाल; रत्नों से दमकेगा मुकुट
‘तीर्थ मित्र’ योजना से बचेंगी 200 धरोहरें
बैठक में ब्रज क्षेत्र की पुरानी और जीर्ण-शीर्ण धरोहरों के संरक्षण को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया. संस्कृति विभाग की ‘स्मारक मित्र’ योजना की तर्ज पर ब्रज में ‘तीर्थ मित्र’ योजना शुरू की जाएगी. इस योजना के तहत ब्रज क्षेत्र की करीब 200 चिह्नित पुरानी धरोहरों और स्मारकों का संरक्षण किया जाएगा. इनमें धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व वाले स्थान शामिल हो सकते हैं. सरकार का उद्देश्य ब्रज की पुरानी विरासत को सुरक्षित रखना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना है.
3 साल में पूरा होगा 84 कोस परिक्रमा विकास
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा क्षेत्र के विकास कार्यों को भी तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि इस परियोजना से जुड़े कार्यों को अगले तीन वर्षों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा जाए. ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा का धार्मिक महत्व बहुत अधिक है. हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस परिक्रमा में शामिल होते हैं. ऐसे में परिक्रमा मार्ग पर बेहतर सुविधाएं विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है.
श्रद्धालुओं के लिए आसान होगी पैदल यात्रा
बैठक में मुख्यमंत्री ने परिक्रमा मार्ग पर पैदल चलने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए. योजना के अनुसार रास्तों को इस तरह विकसित किया जाएगा कि श्रद्धालुओं को पैदल चलने में कम परेशानी हो. इसके अलावा प्राचीन पांडुलिपियों और ब्रज से जुड़े पुराने साहित्य को संरक्षित करने के भी निर्देश दिए गए हैं. सरकार ब्रज की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के लिए अलग-अलग स्तर पर काम करेगी.
वृंदावन में बसों के लिए भी नए निर्देश
मुख्यमंत्री ने वृंदावन में नए सिटी बस मार्गों पर चलने वाले वाहनों को लेकर भी निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि इन मार्गों पर केवल ऐसे वाहनों को चलाने की अनुमति दी जाए, जो सड़कों की चौड़ाई और यातायात व्यवस्था के अनुकूल हों. बैठक में बड़ी विकास परियोजनाओं की लगातार निगरानी करने और पुराने लंबित कार्यों को तेजी से पूरा करने पर भी जोर दिया गया.
1051 करोड़ की परियोजनाओं की मिली सौगात
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वृंदावन में स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह और करीब 1,051 करोड़ रुपए की लागत वाली 229 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के लिए मथुरा पहुंचे थे. इन फैसलों से साफ है कि सरकार ब्रज क्षेत्र को धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ विरासत संरक्षण और आधुनिक सुविधाओं के लिहाज से भी विकसित करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है.

कान्हा अग्रवाल, मथुरा
पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता कर रहा हूं, इस दौरान कई संस्थानों के साथ मिलकर कार्य किया है. फिलहाल TV9 भारतवर्ष के साथ जुड़ा हुआ हूं.
Read More