world-news

रायगढ़ में 126.92 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन-लोकार्पण: उपमुख्यमंत्री ने की 4 बड़ी घोषणाएं, बोले- विकसित जिला बनाने तेज गति से काम जारी - Raigarh News

September 21, 2026

उप मुख्यमंत्री ने नगर निगम और लोक निर्माण विभाग के 126.92 करोड़ रुपए के विकास कामों का भूमिपूजन-लोकार्पण किया

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में विकास कार्यों को गति देने के लिए सोमवार को कार्यक्रम आयोजित किया गया। पंजरी प्लांट स्थित ऑडिटोरियम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने नगर निगम और लोक निर्माण विभाग के 126.92 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया।

.

इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने रायगढ़ शहर के विकास के लिए चार और बड़े कार्यों की घोषणा की।

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान और राज्यगीत के साथ हुई। इसके बाद छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र के सामने दीप जलाया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनकर तैयार हुए घरों के हितग्राहियों को प्रतीकात्मक चाबी भी दी गई।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि रायगढ़ तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है। जिले को विकसित बनाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत विकास कार्यों को गति देने के साथ लोगों को बेहतर सुविधाएं देने पर भी ध्यान दिया जा रहा है।

अरुण साव ने बताया कि रायगढ़ नगर निगम ने करीब 10 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सूची दी है। इन कार्यों को जल्द मंजूरी मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि रायगढ़ के विकास के लिए पैसों की कमी नहीं होने दी जाएगी।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने 4 अतिरिक्त कामों की घोषणा की

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने 4 अतिरिक्त कामों की घोषणा की

चार अतिरिक्त कामों की घोषणा

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि शहर की जरूरत के हिसाब से विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने रायगढ़ के लिए चार नए विकास कार्यों की घोषणा की।

इनमें संजय मार्केट के निर्माण और उन्नयन के लिए 15.67 करोड़ रुपए, रामलीला मैदान के विकास, मंच और पवेलियन निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपए, तालाब के संरक्षण और सौंदर्यीकरण के लिए 4.99 करोड़ रुपए और केवड़ाबाड़ी से मरीन ड्राइव तक सनलाइजेशन कार्य के लिए 9.97 करोड़ रुपए शामिल हैं।

ऑडिटोरियम में लोकापर्ण और भूमिपूजन का कार्यक्रम का आयोजित किया गया

ऑडिटोरियम में लोकापर्ण और भूमिपूजन का कार्यक्रम का आयोजित किया गया

रायगढ़ के विकास के लिए काम जारी

कार्यक्रम में वित्त मंत्री और रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी दिल्ली से वर्चुअली जुड़े। उन्होंने कहा कि रायगढ़ के विकास के लिए लगातार काम किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि पिछले ढाई साल में नगर निगम को अलग-अलग योजनाओं के तहत 384.66 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की मंजूरी मिली है। वहीं लोक निर्माण विभाग के जरिए जिले में सड़क, भवन और पुल समेत कई कामों के लिए 1,426 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है।

रिंग रोड के लिए जमीन अधिग्रहण शुरू

वित्त मंत्री ने बताया कि रायगढ़ के रिंग रोड के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। रायगढ़-घरघोड़ा और पूंजीपथरा-तमनार फोरलेन का काम भी आगे बढ़ रहा है।

इसके अलावा तमनार-उरगा-लैलूंगा, तमनार बाईपास, कया-कमतरा-चरखापारा-ससकोबा-बंधनपुर और कोड़ातराई-पुसौर फोरलेन जैसी सड़क परियोजनाओं का भी काम आगे बढ़ाया जा रहा है।

उन्होंने रायगढ़ में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, संगीत महाविद्यालय भवन और वर्किंग वूमेन हॉस्टल जैसे प्रोजेक्ट्स की भी जानकारी दी।

इन कामों का हुआ भूमिपूजन और लोकार्पण

नगर निगम रायगढ़ के तहत 15वें वित्त आयोग से 10.55 करोड़ रुपए की लागत से 28 सड़क, नाली, उद्यान समेत अन्य विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया।

इसके अलावा केवड़ाबाड़ी चौक से मरीन ड्राइव कैनाल लिंक रोड के लिए 25.63 करोड़ रुपए और वार्ड नंबर 42 में आईएसबीटी निर्माण के लिए 20.75 करोड़ रुपए के काम का भूमिपूजन हुआ।

वहीं 2.20 करोड़ रुपए की लागत से टाउन हॉल में 20 लाख लीटर क्षमता वाली पानी की टंकी का लोकार्पण किया गया। लोक निर्माण विभाग के तहत 67.80 करोड़ रुपए के चार विकास कार्यों का भी भूमिपूजन हुआ।