नई दिल्ली (उत्तम हिन्दू न्यूज) : लंबे इंतजार और कई महीनों की अटकलों के बाद आखिरकार Apple ने भारत में अपनी Apple Pay सर्विस लॉन्च कर दी है। अमेरिका में सितंबर 2014 में शुरू हुई Apple Pay की करीब 12 साल बाद भारत में एंट्री हुई है। फिलहाल कंपनी ने भारत में Apple Pay की शुरुआत Axis Bank के साथ की है।
शुरुआत में यूजर्स Axis Bank की ओर से जारी Visa और Mastercard क्रेडिट कार्ड को Apple Pay में जोड़ सकेंगे। कंपनी के मुताबिक, सर्विस में यूजर्स की पेमेंट और वित्तीय जानकारी की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है।
iPhone और Apple Watch से कर सकेंगे पेमेंट
Apple Pay फिलहाल चुनिंदा Apple डिवाइस पर उपलब्ध है। यूजर्स iPhone, iPad और Apple Watch के जरिए पेमेंट कर सकेंगे। कंपनी के मुताबिक, आने वाले समय में Mac डिवाइस पर भी Apple Pay का सपोर्ट दिया जाएगा।
Apple Pay के जरिए दुकानों पर बिना फिजिकल कार्ड निकाले भुगतान किया जा सकेगा। इसके अलावा ऑनलाइन मर्चेंट्स को पेमेंट करने और ऐप के भीतर खरीदारी के लिए भी इसका इस्तेमाल किया जा सकता है।
फिजिकल स्टोर पर Apple Pay से भुगतान के लिए दुकान के PoS टर्मिनल में NFC यानी Tap-to-Pay सुविधा होना जरूरी है। ऐसी मशीन पर यूजर अपने iPhone, Apple Watch या अन्य समर्थित Apple डिवाइस को टैप करके भुगतान कर सकता है।
PIN या OTP की जरूरत नहीं
Apple Pay से भुगतान का तरीका काफी आसान है। NFC-सक्षम PoS मशीन के पास डिवाइस ले जाकर टैप करने पर भुगतान किया जा सकता है। कंपनी के अनुसार, चेकआउट के समय अलग से PIN या OTP दर्ज करने की जरूरत नहीं पड़ती।
हालांकि, भुगतान की सुरक्षा Apple के डिवाइस सिक्योरिटी सिस्टम से जुड़ी रहती है। केवल डिवाइस को PoS मशीन के पास ले जाने से कोई व्यक्ति आपके कार्ड की जानकारी हासिल नहीं कर सकता।
असली कार्ड नंबर नहीं होता शेयर
Apple के मुताबिक, Apple Pay इस्तेमाल करने पर यूजर का वास्तविक कार्ड नंबर न तो डिवाइस में सेव किया जाता है और न ही Apple के सर्वर पर रखा जाता है। भुगतान के दौरान कार्ड नंबर दुकानदार के साथ भी साझा नहीं किया जाता।
इसके बजाय Apple एक Device Account Number (DAN) तैयार करता है। यह एक अलग और विशिष्ट नंबर होता है, जिसे डिवाइस के Secure Element नामक सुरक्षित चिप में एन्क्रिप्ट करके रखा जाता है। इस तरह Apple Pay वास्तविक कार्ड नंबर उजागर किए बिना भुगतान की सुविधा देता है।
कंपनी का कहना है कि Apple Pay से किए गए ट्रांजैक्शन की जानकारी वह अपने पास स्टोर नहीं करती। भुगतान से जुड़ी जानकारी यूजर, दुकानदार और बैंक या कार्ड जारी करने वाली कंपनी के बीच रहती है।
90 से ज्यादा देशों में उपलब्ध
Apple के अनुसार, भारत में लॉन्च के साथ Apple Pay अब दुनिया के 90 से ज्यादा देशों और क्षेत्रों में उपलब्ध हो गया है। दुनियाभर में इसके साथ 11,000 से अधिक बैंक और पेमेंट नेटवर्क पार्टनर जुड़े हुए हैं।
ऐसे जोड़ें Axis Bank का कार्ड
अगर आपके पास Axis Bank का Visa या Mastercard क्रेडिट कार्ड है, तो उसे Apple Pay में जोड़ना आसान है। इसके लिए Axis Bank ऐप के लेटेस्ट वर्जन के जरिए कार्ड को सीधे Apple Wallet में जोड़ा जा सकता है।
इसके अलावा iPhone में Apple Wallet ऐप खोलकर ‘+’ बटन दबाएं और स्क्रीन पर दिए गए निर्देशों का पालन करें। कार्ड जुड़ने के बाद NFC सुविधा वाले PoS टर्मिनल पर Apple डिवाइस को टैप करके भुगतान किया जा सकेगा।
फिलहाल भारत में Apple Pay की शुरुआत Axis Bank के Visa और Mastercard क्रेडिट कार्ड के साथ हुई है। आगे चलकर Apple इस सर्विस में अन्य कार्ड, बैंक और डिवाइस को भी शामिल कर सकता है।
You Might Be Interested In
- अमेरिका में ग्रीन कार्ड अब और महंगा, EB-5 की फीस में भारी बढ़ोतरी; भारतीयों पर पड़ेगा सीधा असर
- एशियन गेम्स 2026: राजेश-चिकिथा ने मिक्स्ड कंपाउंड टीम इवेंट में जीता गोल्ड, ओलंपिक 2028 का टिकट भी हुआ पक्का
- जालंधर में अमित शाह को बम से उड़ाने की धमकी, रैली स्टेज पर IED लगाने का जिक्र; सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
- FASTag में फ्री में आएंगे 1000 रुपए, NHAI की इस धांसू स्कीम से यात्रियों की चांदी
- रेगिस्तान के बीच गिरगिट की तरह रंग बदलती है यह अनोखी झील, गुलाबी से गहरा लाल हो जाता है पानी, जानिए इसके पीछे का विज्ञान
- शाम 5 बजे पूरा ऑफिस खाली, जर्मनी में काम कर रही भारतीय महिला ने दिखाया वर्क कल्चर, लोग बोले- ‘यह तो ड्रीम जॉब है’