world-news

'पिता मुझे देशद्रोही कहते हैं,10 साल से नहीं की बात' CJP प्रोटेस्ट में 23 दिन अनशन करने वाली नेहा का छलका दर्द

August 1, 2026

Time Published: Saturday, August 1, 2026, 16:47 [IST]

Neha Bora Viral Video: सोशल मीडिया पर इन दिनों ऑल इंडिया स्टूडेंट एसोसिएशन (AISA) की प्रेसिडेंट नेहा बोरा का एक पुराना इंटरव्यू चर्चा का विषय बना हुआ है। वायरल हो रहे इस वीडियो में वह अपने परिवार, पिता और अपनी राजनीतिक सोच को लेकर खुलकर बात करती दिखाई देती हैं। हालांकि, यह वीडियो कब रिकॉर्ड किया गया था और किस मंच का हिस्सा था, इसकी स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हो पाई है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इस पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।

बातचीत के दौरान नेहा बोरा ने दावा किया कि लेफ्ट राजनीति से जुड़ने के बाद उनके परिवार में मतभेद पैदा हो गए थे। उन्होंने यह भी कहा कि देश में लेफ्ट विचारधारा से जुड़े लोगों को अक्सर गलत नजर से देखा जाता है। उनके इसी बयान को लेकर अब एक बार फिर बहस छिड़ गई है।

Neha Bora Viral Video

'मेरे पिता ने 10 साल से बात नहीं की'

वीडियो में नेहा बोरा कहती हैं कि जब उनके परिवार को पहली बार पता चला कि वह लेफ्ट से जुड़े एक संगठन के साथ काम कर रही हैं, तो उनके पिता ने इसका विरोध किया। उनके मुताबिक, उनके पिता सेना में रहे हैं और उन्होंने उनसे कहा था, "हमारे लोगों को मारा जाता है और तुम्हारे ही लोग मारते हैं, तुम इनके साथ कैसे जा सकती हो?"

ये भी पढ़ें: 'कपड़े उतार इसके, इसकी परेड निकालेंगे', रुचि तिवारी के साथ नेहा बोरा की बदसलूकी का वीडियो वायरल

नेहा का दावा है कि इसी वजह से उनके पिता ने उनसे करीब 10 साल तक बात नहीं की। उन्होंने कहा कि परिवार के लिए उनके राजनीतिक विचारों को स्वीकार करना आसान नहीं था।

'लेफ्ट राजनीति से जुड़ना भी एक तरह का अलगाव'

नेहा बोरा ने इंटरव्यू में कहा कि अगर वह लेफ्ट राजनीति से नहीं भी जुड़ी होतीं, तब भी इस विचारधारा से जुड़े लोगों को समाज में अलग नजर से देखा जाता है। उनके अनुसार, खुद को प्रोग्रेसिव या लिबरल कहने वाले लोगों के बीच भी लेफ्ट से जुड़े लोगों को लेकर अलग तरह का रवैया देखने को मिलता है।

बातचीत के दौरान नेहा बोरा ने कहा कि देश में लेफ्ट विचारधारा रखने वालों को अक्सर देशद्रोही मान लिया जाता है। उन्होंने कहा, "अगर आप लेफ्ट से जुड़े हुए हैं, तो आपको देशद्रोही कहा जाता है। जो लोग संविधान और लोकतंत्र की बात करते हैं, उनमें से भी कई लोग और सत्ता पक्ष के लोग हमेशा से मानते रहे हैं कि लेफ्ट की जगह जेल में है।" उनके इस बयान को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। फिलहाल सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो की रिकॉर्डिंग की तारीख या इंटरव्यू के मंच की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

CJP प्रोटेस्ट में 23 दिनों के अनशन के कारण आईं चर्चा में

बता दें कि AISA प्रेसिडेंट नेहा बोरा हाल के दिनों में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के बैनर तले दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शन और अनशन को लेकर भी चर्चा में रही हैं। वह इस आंदोलन में सक्रिय रूप से शामिल नजर आई थीं। उन्होंने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर 23 दिनों तक भूख हड़ताल किया था। प्रदर्शन के दौरान उनके कई वीडियो और बयान सोशल मीडिया पर वायरल हुए, जिसके बाद उनका नाम लगातार सुर्खियों में बना हुआ है।

ये भी पढ़ें: कल लंगड़ाने वाली नेहा बोरा आज कर रही जमकर डांस, 23 दिन अनशन के दावे से बनाया देश को बेवकूफ?