Aloo Muri Recipe: शाम की चाय के साथ समोसे-पकौड़े की जगह आप मेघालय का मशहूर स्नैक आलू मुरी बना सकते हैं. ये देखने में बेशक भेलपूरी जैसी लगती हो, लेकिन ये अलग है. उबले आलू, मुर्मुरे, मसालों, सरसों के तेल, इमली और नींबू से बनने वाली इस चटपटी रेसिपी को आप शेफ संजीव कपूर के तरीके से आसानी से बना सकते हैं.
X

आलू मुरी बनाने के लिए मुर्मुरे का इस्तेमाल किया जाता है. (Photo: ITG)
Aloo Muri Recipe: शाम की चाय के साथ अगर आपका मन भी कुछ चटपटा और कुरकुरा खाने का करता है, तो ये बिल्कुल भी जरूरी नहीं है कि आप हर बार समोसे, पकौड़ी या फिर ब्रेड पकौड़ा ही बनाएं. इस बार समोसे या भेलपुरी की जगह कुछ अलग ट्राई करें. आप शाम की चाय के साथ घर पर मेघालय की मशहूर 'आलू मुरी' (Aloo Muri) बना सकते हैं. ये ना केवल एक चटपटा और स्वादिष्ट स्नैक है, बल्कि झटपट बन भी जाता है. इसे बनाने में ज्यादा मेहनत भी नहीं लगती है.
मेघालय के इस स्ट्रीट फूड में उबले आलू, कुरकुरे मुर्मुरे, प्याज, हरी मिर्च और मसालों का इस्तेमाल होता है. इसमें सरसों का तेल, इमली का पानी और नींबू डालने से इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है. शेफ संजीव कपूर ने इस रेसिपी को बनाने का आसान तरीका बताया है, जिसे आप घर पर आसानी से ट्राई कर सकते हैं. चलिए जानते हैं कैसे बनाते हैं आलू मुरी.
इंग्रेडिएंट्स
- 3 मीडियम उबले आलू
- 4 कप मुर्मुरे
- 2 बड़े चम्मच साबुत धनिया
- 1 बड़ा चम्मच साबुत जीरा
- 1 मध्यम प्याज, बारीक कटा हुआ
- 2 हरी मिर्च, बारीक कटी हुई
- 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- स्वादानुसार काला नमक
- स्वादानुसार सादा नमक
- ¼ कप इमली का पानी
- 2 से 3 बड़े चम्मच सरसों का तेल
- 2 से 3 बड़े चम्मच बारीक कटा हरा धनिया
- ¼ कप आलू भुजिया
- आधा नींबू
कैसे बनाएं आलू मुरी?
1. आलू मुरी बनाने के लिए एक पैन को गैस पर रखें और उसमें साबुत धनिया और जीरा डालकर हल्का भून लें. जब मसालों से अच्छी खुशबू आने लगे तो गैस बंद कर दें. इन्हें थोड़ा ठंडा करके दरदरा पीस लें. इससे आलू मुरी का स्वाद और खुशबू दोनों बढ़ जाएंगे.
सम्बंधित ख़बरें
2. उबले हुए आलू को छीलकर मीडियम शेप के चौकोर टुकड़ों में काट लें. इन्हें एक बड़े बाउल में डालें, ताकि बाकी सारे इंग्रेडिएंट्स आसानी से मिलाए जा सके.
3. अब आलू वाले बाउल में कटा हुआ प्याज, हरी मिर्च और मुर्मुरे डालें. इसमें तैयार किया हुआ भुना धनिया-जीरा मसाला, इमली का पानी और सरसों का तेल भी डाल दें. सभी चीजों को हल्के हाथ से अच्छी तरह मिला लें.
4. इसके बाद इसमें सादा नमक, काला नमक, लाल मिर्च पाउडर, हरा धनिया और आलू भुजिया डालें. ऊपर से आधा नींबू निचोड़ें और सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें.
5. आलू मुरी तैयार है. इसे प्लेट या बाउल में निकालें और ऊपर से थोड़ा हरा धनिया और आलू भुजिया डालकर सर्व करें. शाम की चाय के साथ इसका चटपटा और कुरकुरा स्वाद सभी को खूब पसंद आएगा.
टिप: आलू मुरी को बनाने के बाद ज्यादा देर तक रखने से मुर्मुरे सॉफ्ट हो सकते हैं. इसलिए इसे सर्व करने से ठीक पहले ही इमली का पानी, नींबू और बाकी इंग्रेडिएंट्स मिलाएं और तैयार होते ही परोसें. इससे इसका कुरकुरापन बना रहेगा.
---- समाप्त ----
