Almirah Vastu: दिनभर की थकान मिटाकर जब हम बेडरूम में कदम रखते हैं, तो हमें सुकून और शांति की तलाश होती है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि आपके बेडरूम का हर एक कोना, फर्नीचर की प्लेसमेंट और आपकी अलमारी की दिशा आपकी किस्मत और बैंक बैलेंस पर सीधा असर डालती है? जी हां, वास्तु शास्त्र में बेडरूम में रखी जाने वाली अलमारी (Wardrobe) या पैसों की सेफ को लेकर बहुत ही खास नियम बताए गए हैं. जिस अलमारी में आप अपने कपड़े, गहने और जीवनभर की कमाई सहेज कर रखते हैं, अगर वह गलत दिशा में रखी हो, तो यह चुपचाप आपके घर की बरकत छीन सकती है. आइए जानते हैं वास्तु के वे गुप्त नियम, जो आपकी अलमारी को बना सकते हैं धन और सुख-समृद्धि का पावरहाउस.
1. अलमारी रखने की सबसे सही दिशा कौन सी है?
वास्तु के जानकारों के अनुसार, बेडरूम में रखी अलमारी का सही जगह पर होना ही सफलता की पहली सीढ़ी है.
दक्षिण या दक्षिण-पश्चिम (South or South-West): बेडरूम की दक्षिण या दक्षिण-पश्चिम (नैऋत्य कोण) दीवार के पास अलमारी रखना सबसे अचूक और शुभ माना जाता है.
सम्बंधित ख़बरें
धन के देवता का आशीर्वाद: सबसे खास बात यह है कि इस दिशा में रखी अलमारी का दरवाजा हमेशा उत्तर या पूर्व दिशा की ओर खुलना चाहिए. चूंकि उत्तर दिशा के स्वामी धन के देवता 'कुबेर' हैं, इसलिए जब आपकी अलमारी का मुंह उत्तर की तरफ खुलेगा, तो समझिए कि मां लक्ष्मी और कुबेर जी की कृपा आपके घर की ओर खिंची चली आएगी.
पश्चिम विकल्प: यदि किसी वजह से दक्षिण में जगह न हो, तो आप इसे पश्चिम दिशा में भी रख सकते हैं.
2. अलमारी से जुड़ी ये गलतियां कंगाली की वजह?
अलमारी रखते वक्त अक्सर लोग कुछ ऐसी छोटी-छोटी भूल कर बैठते हैं, जो भारी साबित होती हैं:
गलत दिशा में खुलता दरवाजा: इस बात पर खास गौर करें कि अलमारी का दरवाजा कभी भी दक्षिण या पश्चिम दिशा की ओर न खुले. ऐसा होने पर बेवजह के खर्चे बढ़ते हैं , हाथ में पैसा टिकता नहीं है.
उत्तर या पूर्व दीवार का स्पर्श: अलमारी बहुत भारी होती है, इसलिए इसे भूलकर भी कमरे की उत्तर या पूर्व दिशा की दीवार से सटाकर न रखें. इन दिशाओं का हल्का और खुला रहना ऊर्जा के प्रवाह के लिए बहुत जरूरी है.
शीशे (Mirror) का खतरनाक खेल: आजकल मार्केट में शीशे वाले वार्डरोब का बहुत क्रेज है. अगर आपकी अलमारी पर भी कांच लगा है, तो इस बात का कड़ा ध्यान रखें कि उसमें आपके बेडरूम के बिस्तर (Bed) की परछाई बिल्कुल न पड़े. सोते वक्त शीशे में शरीर का दिखना वास्तु में बेहद अशुभ माना जाता है, जिससे सेहत और मानसिक शांति पर बुरा असर पड़ता है. अगर ऐसा है, तो रात को सोते समय शीशे को किसी पर्दे या कपड़े से ढक दें.
3. अलमारी से जुड़े कुछ जरूरी वास्तु टिप्स, जो बदल देंगे किस्मत
तिजोरी का स्थान: अगर आपकी अलमारी के अंदर ही कैश या ज्वैलरी रखने का लॉकर है, तो वह हमेशा अलमारी के मध्य या उत्तरी हिस्से में होना चाहिए, ताकि उसका मुंह उत्तर दिशा की तरफ खुले.
कभी न फैलाएं गंदगी: अलमारी के अंदर और उसके आसपास के हिस्से को हमेशा साफ-सुथरा रखें. अलमारी के ऊपर धूल, कबाड़ या बेकार के डिब्बे बिल्कुल न रखें, क्योंकि यह रुकावटें और निगेटिविटी पैदा करते हैं.
---- समाप्त ----